पैच डबलिंग और नान इंटरलाकिंग कार्य के चलते ट्रेनें निरस्त, यात्री परेशान

Mar 15, 2026 08:32 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देवरिया
share

Deoria News - महदहां(देवरिया) में औड़िहार से भटनी रेल खंड के बीच पैच डबलिंग और नान इंटरलाकिंग कार्य के कारण 25 मार्च तक कई ट्रेनों को निरस्त किया गया है। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और बहुत से लोग स्टेशन से वापस लौट रहे हैं। बरहज ट्रेन का संचालन भी बंद कर दिया गया है।

पैच डबलिंग और नान इंटरलाकिंग कार्य के चलते ट्रेनें निरस्त, यात्री परेशान

महदहां(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। औड़िहार से भटनी रेल खंड के बीच हो रहे पैच डबलिंग और नान इंटरलाकिंग कार्य के चलते 25 मार्च तक कई ट्रेनों को निरस्त करने के साथ ही कई ट्रेनों का रुट बदल दिया गया है। ट्रेनों के संचलन प्रभावित होने के चलते यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। बहुत से लोग स्टेशन जाकर अपने गन्तव्य तक नहीं पहुंच पाए और स्टेशन से ही बैरंग वापस लौट गए। वहीं सलेमपुर से बरहज जाने वाली बरहज ट्रेन का संचलन भी ठप कर दिया गया है। इस ट्रेन के निरस्त होने के चलते सलेमपुर व बरहज बाजार पर भी असर दिखने लगा है।

भटनी-औड़िहार रेल खंड के बीच पिवकोल से लार रोड के बीच ब्लाक लेकर पैच डबलिंग व नान इंटरलाकिंग कार्य हो रहा है। यह कार्य 25 मार्च तक होना है। 25 मार्च के लिए ब्लाक लिया गया है। लगातार हो रहे रेल कार्य के चलते भटनी-सलेमपुर से बरहज के बीच चलने वाली लोगों की लाइफ लाइन कहे जाने वाली बरहज ट्रेन को पूरी तरह से निरस्त कर दिया गया है। इसी तरह भटनी व वाराणसी के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों को भी निरस्त किया गया है। गोरखपुर कैंट से वाराणसी सिटी से चलने वाली 15129/15130 गोरखपुर कैंट-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस 25 मार्च तक निरस्त रहेगी। जबकि सीतामढ़ी से आनंद बिहार तक चलने वाली लिच्छवी एक्सप्रेस 18 से 25 मार्च तक छपरा-भटनी-ऊ के स्थान पर छपरा-फेफना-इंदरा-फेफना-छपरा मार्ग से चलेगी। 23 मार्च को चलने वाली छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस का भी मार्ग परिवर्तित रहेगा। इसे भटनी-मऊ के स्थान पर छपरा-फेफना-इंदारा-मऊ मार्ग से चलाया जाएगा। इसी तरह 23 से 25 मार्च तक चलने वाली 55101 छपरा-कचहरी-मऊ सवारी गाड़ी भी छपरा-फेफना-इंदारा-मऊ के बीच चलाई जाएगी। अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस 22 से 24 मार्च तक गोरखपुर के स्थान पर मऊ में ही यात्रा समाप्त करेगी। यह ट्रेन मऊ-गोरखपुर के बीच निरस्त रहेगी। जबकि गोरखपुर-अहमदाबाद एसक्प्रेस 23 मार्च 25 मार्च तक गोरखपुर की जगह मऊ से चलेगी। बांद्रा टर्मिनल-गोरखपुर एक्सप्रेस 23 मार्च को गोरखपुर के स्थान पर मऊ में ही यात्रा समाप्त करेगी। लखनऊ से वाराणसी सिटी तक चलने वाली कृषक एक्सप्रेस 22 मार्च से 24 मार्च तक वाराणसी सिटी की जगह गोरखपुर में ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी। ट्रेनों के निरस्त व मार्ग परिवर्तित होने के चलते स्टेशन पर दिन भर सन्नाटा छाया रहा। लोग अपने गन्तव्य तक जाने के लिए परेशान नजर आए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।