Deoria News: रेल ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आई महिला, मौत
Deoria News: सलेमपुर, हिन्दुस्तान संवाद। भटनी-वाराणसी रेलखंड पर मंगलवार देर रात कोतवाली क्षेत्र के हरनहीं चौराहे

Deoria News: सलेमपुर, हिन्दुस्तान संवाद। भटनी-वाराणसी रेलखंड पर मंगलवार देर रात कोतवाली क्षेत्र के हरनहीं चौराहे के पश्चिमी रेलवे लाइन पर स्थित खंभा नंबर 7/8 के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। हादसा महिला के घर लौटने के दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ।महिला के ट्रेन से कटने की सूचना चालक ने स्टेशन अधीक्षक को दी। अधीक्षक ने महिला की रेलवे ट्रैक पर मौत होने की सूचना मेमो भेज कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद महिला की पहचान कोतवाली क्षेत्र के बरसीपार ग्राम पंचायत के छावनी टोला निवासी निर्मला देवी (35) पत्नी छांगुर ठाकुर के रूप में हुई।
परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया। परिजनों के अनुसार निर्मला देवी की शादी करीब आठ वर्ष पहले छांगुर ठाकुर से हुई थी। उनकी कोई संतान नहीं थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि देर रात ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हुई है। शव की पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


