
सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
Deoria News - रारबड़ी में रविवार रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी युवक एक बाइक पर थे जब अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी। घायल युवक का इलाज महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में चल रहा है। गांव में शोक की लहर है।
खुखुंदू, हिन्दुस्तान संवाद। थाना क्षेत्र के रारबड़ी में रविवार की रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का उपचार महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में चल रहा है। गांव के दो युवकों की मौत के बाद मातम छा गया। रारबड़ी गांव निवासी गोलू उर्फ सूरज गौड़ (25) पुत्र शेषनाथ गौड़, अनुज गौड़ (18) पुत्र नागेंद्र गौड़ तथा प्रिंस गौड़ पुत्र बलेश्वर गौड़ एक ही बाइक से किसी कार्यवश महुई श्रीकांत चौराहे पर गए थे। रात को वह घर के लिए बाइक से लौट रहे थे, अभी वह गांव के गोदाम के समीप पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन ने उन्हें ठोकर मार दिया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पेड़ से टकराते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान गोलू व अनुज की मौत हो गई। इसके बाद परिजन दोनों का शव लेकर गांव चले गए। सोमवार की सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो युवकों की मौत के चलते गांव में मातम छा गया। बुझ गया घर का इकलौता चिराग गोलू बहुत होनहार थे और अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। पिता शेषनाथ मुंबई में रहकर नौकरी करते हैं। जबकि मां संगीता देवी घर पर ही रहती है। हादसे में मौत की सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया। घर का इकलौते चिराग को इस हादसे ने छीन लिया। वहीं अनुज दो भाईयों में सबसे छोटे थे। पिता नागेंद्र गांव से कुछ दूरी पर चौराहे पर फर्नीचर का काम करते हैं। अनुज इंटर के छात्र थे। बेट की मौत की सूचना के बाद मां कविता देवी दहाड़ मारकर रोने लगी। मां को रोता देख वहां मौजूद अन्य लोगों की भी आंखें भर आई। गोलू व अनुज थे जिगरी दोस्त गोलू व अनुज दोनों जिगरी दोस्त थे, दोनों एक ही साथ हमेशा रहते थे, दोनों की दोस्ती की क्षेत्र में चर्चा होती है। दुर्भाग्यवश सड़क हादसे में दोनों एक ही साथ इस दुनिया से हमेशा के लिए अलविदा कह दिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




