पिता का दाह संस्कार कर घर लौटे बेटे तो मां की चली गई जान
रामपुर कारखाना में एक बेटे ने पिता का अंतिम संस्कार किया और घर लौटते ही मां की मौत की खबर मिली। पिता, सूर्य देव शर्मा, और मां, मालती देवी, दोनों पूर्व ग्राम प्रधान रह चुके थे। पिता की मौत के 30 घंटे बाद मां की भी बीमारी के चलते मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

रामपुर कारखाना, हिन्दुस्तान संवाद। पिता का दाह संस्कार कर घर पहुंचे बेटे तो मां की मौत हो गई। पति की मौत के बाद पत्नी की मौत से परिजन सदमे में है। पति और पत्नी गौतम चक मठिया के ग्राम प्रधान रह चुके हैं। पति की मौत के 30 घंटे बाद पत्नी की मौत का समाचार मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गौतम चक मठिया गांव निवासी सूर्य देव शर्मा 75 वर्ष जनता इंटर कॉलेज रामपुर कारखाना से लिपिक पद से सेवानिवृत हुए थे। वह गांव के ग्राम प्रधान भी रह चुके थे। जबकि उनकी पत्नी मालती देवी भी गांव की प्रधान रह चुकी हैं।
पिछले 3 महीने से वह लिवर, किडनी और फेफड़ों में संक्रमण की बीमारी से परेशान थे। उनका इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल से चल रहा था। हाल फिलहाल वह घर पर थे। शनिवार की सुबह बीमारी के चलते घर पर ही उनकी मौत हो गई। उनके छोटे पुत्र सेक्रेटरी जय नारायण शर्मा निजी कार्य से जयपुर गए हुए थे। पिता की मौत की जानकारी मिलते ही वह शनिवार की देर रात घर पहुंचे, जबकि बड़े पुत्र विजय नारायण शर्मा ने अंतिम संस्कार की तैयारी पूरी कर रखी थी। रविवार की दोपहर परिजन सेवानिवृत लिपिक सूर्य देव शर्मा को लेकर पटनवा पुल स्थित छोटी गंडक नदी किनारे पहुंचे और विधि विधान के साथ दाह संस्कार किया। दाह संस्कार के बाद परिजन घर पहुंचे। परिजनों के घर पहुंचने के थोड़ी देर बाद ही ग्राम प्रधान रह चुकी उनकी मां मालती देवी ने सीने में दर्द बताया। अभी परिजन उनको लेकर अस्पताल के लिए निकलने वाले थे कि घर पर ही उनकी भी मौत हो गई। पिता की मौत के 30 घंटे बाद मां की मौत से परिजन दहाड़े मार कर रोने लगे। परिजनों का चीत्कार सुन आसपास के लोग घर की ओर दौड़ पड़े। पति की मौत के 30 घंटे बाद ही पत्नी की मौत की बात सुनकर आसपास के लोग की आंखें भी नम हो गई। एट भट्ठा मालिक पंकज सिंह, संदीप श्रीवास्तव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शंभू कुशवाहा समेत दर्जनों लोग घर पहुंच गए और दिलासा देने लगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


