देवरिया में गेहूं के डंठल में लगाई थी आग, बाइक सवार पिता की जलकर मौत, मासूम बेटा बाल-बाल बचा

Newswrap हिन्दुस्तान, देवरिया
share

Deoria News - रुद्रपुर में शनिवार को गेहूं के डंठल में आग लगने से धुएं के कारण दो बाइक टकरा गईं। एक बाइक सवार आग में जलकर मर गया, जबकि उसका सात साल का बेटा बच गया। आग पर काबू पाने में फायर बिग्रेड को मेहनत करनी पड़ी। घटना में दोनों बाइक भी जलकर खाक हो गईं।

देवरिया में गेहूं के डंठल में लगाई थी आग, बाइक सवार पिता की जलकर मौत, मासूम बेटा बाल-बाल बचा
रुद्रपुर (देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र में शनिवार को सड़क किनारे गेहूं के डंठल में लगी आग से धुएं के कारण दो बाइक आमने-सामने टकरा गई। हादसे के बाद एक बाइक सवार आग की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही जलकर दर्दनांक मौत हो गई, जबकि उसका सात साल का बेटा बाल-बाल बच गया। घटना में दोनों बाइक भी जलकर खाक हो गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर सीओ रूद्रपुर हरिराम यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। रुद्रपुर-पिड़रा मार्ग पर काशीपुर मोड़ के नजदीक कुछ लोगों ने सड़क की दोनों तरफ गेहूं की डंठल में आग लगाई थी। तेज पछुआ के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। थोड़ी ही देर में सड़क की दोनों पटरियों पर आग फैल गई। पटरियों पर उगे खर-पतवार धूं-धूं कर जलने लगे। आस-पास धुआं भर जाने से सड़क पर धुंध छा गया। सड़क पर दूर-दूर तक कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। इसी बीच आमने-सामने आ रही दो बाइक आपस में टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक बाइक सवार उझलकर आग की लपटों में जा गिरा और देखते ही देखते वह आग की लपटों के बीच घिर गया। आस-पास के लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने बाइक सवार को बाहर निकाला, लेकिन तब तक जलने से उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बिरवां गांव के मुसाफिर निषाद (38) पुत्र जगदीश के रूप में हुई। उनके साथ उनका सात साल का बेटा रौनक भी था जो बाल-बाल बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दूसरे बाइक पर सवार व्यक्ति ने उसकी जान बचा ली और धुंआ और आग के बीच से उसे लेकर दूर भागा। दूसरा बाइक सवार भी सुरक्षित बताया जा रहा है हलांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।