Deoria News: प्याज में गड़बड़ी मिलने पर व्यापारी से विवाद
Deoria News: सलेमपुर में प्याज की खेप में गड़बड़ी को लेकर एक व्यापारी पर हमला किया गया। आरोप है कि बलिया के व्यापारी ने रात को एक दर्जन लोगों के साथ उसके घर पहुंचकर मारपीट की और रुपये नहीं देने की स्थिति में जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Deoria News: सलेमपुर, हिन्दुस्तान संवाद। प्याज की खेप में गड़बड़ी मिलने और बोरी कम होने की बात कहकर उसे वापस ले जाने की बात व्यापारी को भारी पड़ गई। आरोप है कि बुधवार देर रात बलिया जनपद के नगरा के व्यापारी अपने साथ एक दर्जन से अधिक लोगों को लेकर सलेमपुर के कस्बा वार्ड नंबर छह स्थित उसके घर पहुंच गए। वहां अभद्रता करने के बाद व्यापारी को घर से कुछ दूर ले जाकर मारपीट की और रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
व्यापारी की शिकायत
कोतवाली क्षेत्र के कस्बा सलेमपुर निवासी मोनू पुत्र सल्लू ने गुरुवार को पुलिस को दिए तहरीर में कहा है कि उसने बलिया जिले के नगरा से 25 क्विंटल प्याज और कुछ बोरे लहसुन मंगाए थे। बुधवार शाम माल वाहन से प्याज की बोरी कम पहुंची। साथ ही कुछ प्याज खराब होने के कारण उसने संबंधित व्यापारी से माल वापस ले जाने को कहा।
पुलिस कार्रवाई
आरोप है कि इससे नाराज होकर नगरा के व्यापारी देर रात एक दर्जन से अधिक लोगों के साथ उसके घर पहुंच गए। वहां उसे घर से बुलाकर कुछ दूर ले गए और मारपीट की। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। गुरुवार सुबह पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है।


