ई-टिकट के लिए हो रही मारामारी, दलाल वसूल रहे मनमानी रुपये
Deoria News - देवरिया, निज संवाददाता। होली का त्योहार बीतने के बाद लोगों को अपने गन्तव्य को
देवरिया, निज संवाददाता। होली का त्योहार बीतने के बाद लोगों को अपने गन्तव्य को जाने की राह आसान नहीं रह गई है। लंबी दूरी की ट्रेनों का सीट फुल होने के चलते लोगों के सामने तत्काल टिकट ही एक सहारा है, लेकिन तत्काल टिकट भी लेना लोगों के लिए आसान नहीं है। काउंटर से तत्काल टिकट नहीं मिल रहा है और टिकट दलाल मनमानी रेट वसूल रहे हैं। जिसके चलते लोग परेशान हैं। उधर आरपीएफ व सीआइबी टीम जल्द ही ऐसे दलालों पर बड़ी करने का दावा कर रही है।रंगों का त्योहार होली चार मार्च को ही बीती है। इस त्योहार को मनाने के लिए बाहर रह रहे लोग अपने घरों को आए हुए हैं।
त्योहार व लगन बीतने के साथ ही लोग अपने गन्तव्य को रवाना होने लगे हैं। लेकिन गन्तव्य तक जाने की राह आसान नहीं है। पहले से ही लंबी दूरी की ट्रेनों का सीट फुल है। जिसके चलते लोगों के सामने तत्काल टिकट ही एक सहारा है। लेकिन तत्काल टिकट भी काउंटर से नहीं मिल पा रहा है। भोर से लोग तत्काल टिकट के लिए लाइन लगा रहे हैं, एक से दो टिकट बनने के बाद बेटिंग शुरू हो जा रही है। जिसके चलते लोगों को बिना टिकट के ही बैरंग काउंटर से लौटना पड़ रहा है। दो से तीन दिन लाइन लगाने के बाद लोग तत्काल टिकट की आस छोड़ दे रहे हैं और फिर तत्काल टिकट का कार्य करने वाले लोगों से संपर्क कर रहे हैं।ई-टिकट दलाल तत्काल टिकट टिकट दिलाने के नाम पर मनमानी रेट वसूल रहे हैं। एक-एक टिकट पर 500 से एक हजार रुपये अधिक की वसूली की जा रही है। इतना ही नहीं, यह प्रतिबंधित साफ्टवेयर का भी प्रयोग कर लोगों का तत्काल टिकट बना रहे हैं। उधर आरपीएफ सीआइबी की तरफ से हाल के दिनों में टिकट का कार्य करने वाले लोगों के विरुद्ध कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई है। जिसके चलते उनका मनोबल बढ़ता जा रहा है। आरपीएफ इंस्पेक्टर आस मोहम्मद का कहना है कि टीमें लगी हैं। जल्द ही टिकट का कार्य करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


