Deoria News: आंबेडकर मूर्ति विवादः ग्रामीणों के साथ भूख हड़ताल पर बैठा भीम आर्मी का कार्यकर्ता
Deoria News: गौरीबाजार के लबकनी में डा. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति लगाने और हटाने का मामला बढ़ गया है। ग्रामीणों ने मूर्ति हटाने का विरोध करते हुए भीम आर्मी के कार्यकर्ता के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल प्रारंभ की। प्रशासन ने ग्रामीणों के खिलाफ मामले दर्ज किए हैं, जिसके परिणामस्वरूप तनाव और बढ़ गया है।

Deoria News: गौरीबाजार, हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के लबकनी में डा.भीमराव आंबेडकर की मूर्ति लगाने व हटाने का मामला एक बार फिर रविवार को तूल पकड़ लिया। डा.आंबेडकर की मूर्ति लगाने तथा ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने को लेकर रविवार को ग्रामीणों के साथ भीम आर्मी का एक कार्यकर्ता अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल पर बैठ गया। लोगों के हड़ताल पर बैठने की सूचना के बाद अभिसूचना इकाई समेत अन्य टीमें सक्रिय हो गईं।गौरीबाजार के लबकनी में 28 जुलाई की रात को ग्रामीणों ने गांव के खलिहान में डा. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थापित कर दिया। जब इसकी जानकारी प्रशासन को हुई तो एसडीएम, तहसीलदार पुलिस बल लेकर 29 जुलाई को मूर्ति हटवाने पहुंचे थे।
ग्रामीण मूर्ति नही हटाने पर अड़ गए। अगले दिन 30 जुलाई को भारी पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और मूर्ति को हटाने लगे। मामला तूल पकड़ने पर ग्रामीण और पुलिस आमने-सामने हो गए और ईंट-पत्थर चलने लगा। मूर्ति हटवाने के साथ पुलिस ने इस मामले में सात ग्रामीणों के खिलाफ नामजद व 60-70 अज्ञात ग्रमीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना के बाद ग्रामीणों से भीम आर्मी के कार्यकर्ता व सपा का प्रतिनिधि मंडल ग्रामीणों से मिल कर पूरी जानकारी लिया और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस निर्दोष ग्रामीणों को परेशान कर रही है। एक महीने बाद लबकनी में ग्रामीणों के साथ अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल पर बैठे भीम आर्मी के कार्यकर्ता चंद्रशेखर द्वितीय की मांग है कि ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमे वापस लिया जाए, बाबा साहेब की मूर्ति उचित स्थान पर प्रशासन स्थापित करें। मांगे पूरी होने तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।


