23 से 25 फरवरी तक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे शिक्षक
Deoria News - लार (देवरिया) में शिक्षक संगठनों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में टीईटी अनिवार्यता के विरोध में आंदोलन की रूपरेखा पर सहमति जताई गई। 22 फरवरी को सोशल मीडिया पर हैशटैग अभियान और 23 से 25 फरवरी को काली पट्टी बांधकर विरोध होगा। 26 फरवरी को धरना-प्रदर्शन होगा और मार्च में महारैली का आयोजन किया जाएगा।

लार (देवरिया), हिन्दुस्तान संवाद। ब्लॉक संसाधन केंद्र लार में शनिवार को संयुक्त मोर्चा के बैनर तले ब्लॉक के शिक्षक संगठनों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीईटी अनिवार्यता के विरोध में प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आंदोलन की रूपरेखा पर सहमति जताई गई। बैठक की अध्यक्षता प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. गोविंद मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि अब संघर्ष को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने का समय आ गया है और सभी शिक्षकों को एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाना होगा।जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के अध्यक्ष चंद्रभूषण तिवारी ने बताया कि 22 फरवरी को दोपहर 1 से 4 बजे तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर हैशटैग अभियान चलाया जाएगा।
इसके बाद 23 से 25 फरवरी तक सभी शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करते हुए विरोध दर्ज कराएंगे।उन्होंने आगे बताया कि 26 फरवरी को दोपहर 1 बजे से 5 बजे तक जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा तथा प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया जाएगा। इसके उपरांत मार्च के तीसरे सप्ताह में नई दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित कर व्यापक स्तर पर ज्ञापन सौंपा जाएगा।महिला शिक्षक संघ की शर्मिला यादव व सोनी शर्मा ने कहा कि पूर्व में नियुक्त शिक्षकों पर जबरन टीईटी लागू करना न्यायोचित नहीं है।उन्होंने सरकार से शिक्षकों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए टीईटी अनिवार्यता से राहत देने की मांग की। साथ ही सभी शिक्षकों से आंदोलन और धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील की।बैठक में मंत्री ओमप्रकाश यादव,अभय मिश्रा,अरुण तिवारी,अजय यादव,धर्मेंद्र सिंह,अनवर अहमद,जीतेंद्र शर्मा,ममता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


