
संवर्ग बदलने को शपथ पत्र देने में लापरवाही बरत रहे शिक्षक
Deoria News - देवरिया में नगरीय सीमा में शामिल विद्यालयों के शिक्षकों ने संवर्ग बदलने के लिए एफिडेविट देने में लापरवाही बरती है। बरहज विकास खण्ड के अधिकांश शिक्षकों ने सहमति पत्र नहीं दिया है, जिससे प्रक्रिया रुकी हुई है। 164 शिक्षकों को नगरीय क्षेत्र में शामिल किया जाएगा, लेकिन कई शिक्षकों ने शपथपत्र नहीं दिया है।
देवरिया, निज संवाददाता। नगरीय सीमा में शामिल होने वाले विद्यालयों के शिक्षक संवर्ग बदलने के लिए एफिडेविट देने में लापरवाही बरत रहे हैं। बरहज विकास खण्ड के अधिकांश शिक्षकों ने अभी तक अपना सहमति पत्र जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराया है। जिससे संवर्ग बदलने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। जिले के चार विकास खण्डों के 36 परिषदीय विद्यालय अब नगरीय क्षेत्र में शामिल हो चुके हैं। इन विद्यालयों में कार्यरत 164 शिक्षकों को नगरीय क्षेत्र के अध्यापक संवर्ग में शामिल किया जाएगा। शिक्षकों का संवर्ग बदलने के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा उनसे सहमति पत्र मांगा गया है।
जो शिक्षक या शिक्षिका ग्रामीण क्षेत्र से नगरीय क्षेत्र में समायोजित होंगे, उनकी वरिष्ठता नगरीय संवर्ग के शिक्षकों की सूची में सबसे नीचे मानी जाएगी। नगरीय संवर्ग में शामिल होने वाले शिक्षकों को एक शपथपत्र देना है, जिसमें यह उल्लेख होगा कि शिक्षक या शिक्षिका स्वेच्छा से ग्रामीण संवर्ग से नगरीय संवर्ग में जा रहे हैं और वे जानते हैं कि उनकी वरिष्ठता सूची में स्थान नीचे होगा। नगरीय क्षेत्र में आने वाले विद्यालयों में सदर विकास खण्ड के 22, रामपुर कारखाना के 3, बैतालपुर के 5 एवं बरहज के 6 विद्यालय शामिल हैं। इसमें सदर, रामपुर कारखाना व बैतालपुर के शिक्षकों द्वारा अपना शपथ पत्र उपलब्ध करा दिया गया है, जबकि बरहज के अधिकांश शिक्षकों द्वारा शपथपत्र देने में लापरवाही बरती जा रही है। जिससे संवर्ग बदलने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। यह विद्यालय नगर क्षेत्र में हुए हैं शामिल जिन विद्यालयों को नगरीय क्षेत्र में शामिल किया गया है। उनमें देवरिया सदर विकास खण्ड के प्राथमिक विद्यालय पिपरपातीं, खरजरवां, बभनी- 2, अमेठी, कतरारी- 1, सकरापार, कतरारी- 2, भदवारा, धनौती मिश्र, गोबराई खास, दानोपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय कतरारी व सकरापार, कम्पोजिट विद्यालय पिड़रा, पगरा, सोंदा, रघवापुर, देवपुर, तिलई बेलवां, बड़हरा, मुड़ाडीह एवं कठिनईया शामिल हैं। वहीं बरहज के प्राथमिक विद्यालय पचहुआं, उजरा मोहांव, लवरछी, रामपुर चकलाल, रगरगंज एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय पचहुआं तथा बैतालपुर के प्राथमिक विद्यालय पुरवां मेहड़ा, साहू टोला, गढपुरवां व उच्च प्राथमिक विद्यालय पुरवां मेहड़ा, साइटोला शामिल हैं। जबकि रामपुर विकास खण्ड के प्राथमिक विद्यालय जटमलपुर, भीमपुर एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय भीमपुर शामिल हैं। इतने शिक्षकों का बदलेगा संवर्ग देवरिया सदर में 109 शिक्षक रामपुर कारखाना में 12 शिक्षक बैतालपुर में 24 शिक्षक बरहज में 19 शिक्षक देवरिया सदर विकास खंड के कुल 22 विद्यालय नगर पालिका के अंतर्गत शामिल किए गए हैं, जिसमें कुल 115 कर्मचारियों ने अपना विवरण उपलब्ध करा दिया है। जिसमें 109 शिक्षक और 6 अनुचर का विवरण शामिल है। देव मुनि वर्मा , बीईओ देवरिया सदर ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




