Deoria News: सलेमपुर उपनगर में सोमवार व मंगलवार को चल सकता है, अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान
Deoria News: सलेमपुर नगर पंचायत में व्यापारियों और अधिकारियों के बीच अतिक्रमण पर चर्चा हुई। सड़क पर आवागमन प्रभावित होने की समस्या पर चर्चा हुई और सोमवार-मंगलवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने पर सहमति बनी। बैठक में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

Deoria News: सलेमपुर(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। उपनगर की सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को लेकर गुरुवार की शाम सलेमपुर नगर पंचायत सभागार में हुई व्यापारियों व अधिकारियों की बैठक में घंटों चर्चा हुई। अतिक्रमण से सड़क पर आवागमन प्रभावित होने और आए दिन जाम की स्थिति बनने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस पर पुलिस और नगर पंचायत प्रशासन ने सोमवार और मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने पर बैठक में सहमति जताई। डीएम के निर्देश पर प्रत्येक माह की 10 तारीख को व्यापारियों के साथ नगर की समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की जाती है। इसी क्रम में गुरुवार शाम पांच बजे नगर पंचायत सलेमपुर सभागार में बैठक हुई। इसमें नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव, ईओ महेंद्र पाण्डेय, सीओ गौरव सिंह, कोतवाल विनोद कुमार सिंह एवं विद्युत विभाग के अवर अभियंता उमेश चंद मौजूद रहे।
बैठक में चर्चा
बैठक में कोतवाल विनोद कुमार सिंह के समक्ष सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण का मामला व्यापारियों ने उठाया। अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए अभियान चलाने की बात कही। बताया गया कि सोमवार और मंगलवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा सकता है। त्योहारों को देखते हुए दशहरा विसर्जन के दौरान होने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। कोतवाल ने इसके लिए अलग से बैठक करने की बात कही।
सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था
सीओ गौरव सिंह के समक्ष नगर में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था का मुद्दा भी उठा। व्यापारियों ने प्रमुख स्थानों पर कैमरे लगवाने की मांग की। अधिकारियों ने कैमरों के जरिए अपराध की रोकथाम और घटनाओं की निगरानी में मिलने वाली मदद पर चर्चा की। ईओ महेंद्र पाण्डेय ने व्यापारियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने की जानकारी दी। वहीं बैठक में व्यापारियों की संख्या कम होने के बावजूद उपनगर की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बैठक में मेराज अब्दुल्ला, सतीश पटवा, सतीश गुप्ता, मोहन गुप्ता, मिथिलेश कुशवाहा, लव वर्मा, मोनू, दिनेश रौनियार समेत अन्य व्यापारी व कर्मचारी मौजूद रहे।


