उत्साहित कार्यकर्ताओं के बल पर होगा सत्ता परिवर्तन: डा.मोहसिन खान
Deoria News - देवरिया में सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई, जिसमें पूर्व मंत्री डा. मोहसिन खान ने भाजपा की लोकतंत्र विरोधी नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा वोटरों को वंचित करने की कोशिश कर रही है। कार्यकर्ताओं को 25 हजार नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है।

देवरिया, निज संवाददाता। शहर के बांस देवरिया स्थित सपा कार्यालय में शनिवार को कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बैठक हुई। पूर्व मंत्री डा.मोहसिन खान ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की मर्यादाओं और संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करने का काम कर रही है। लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उत्साहित कार्यकर्ताओं के बल पर सत्ता का परिवर्तन होगा।उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर विरोधी विचारधारा के मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रत्येक विधानसभा में 25 हजार नए मतदाता जोड़ने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटें।
सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ने कार्यकर्ताओं से सर्वसमाज को जोड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों से आम जनता त्रस्त है और बदलाव चाहती है। एसआईआर को लेकर कार्यकर्ता गंभीर रहें। पूर्व राज्यसभा सांसद कनकलता सिंह ने कहा कि भाजपा की नीतियों के कारण देश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ गया है, इसलिए इस सरकार को उखाड़ फेंकना आवश्यक है। जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने कहा कि जिले का प्रत्येक समाजवादी कार्यकर्ता एसआईआर अभियान को एक मिशन के रूप में लेकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। समाजवादी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता राष्ट्रीय नेतृत्व के हर निर्देश को पूरी गंभीरता के साथ धरातल पर उतारने के लिए संकल्पित है।देवरिया जनपद में संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ मतदाता जागरूकता अभियान को भी तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। सभी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार संपर्क अभियान चलाते हुए मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को गति दें और समय-समय पर अपनी प्रगति रिपोर्ट जिला कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि संगठनात्मक स्तर पर अभियान की समीक्षा कर उसे और प्रभावी बनाया जा सके। पूर्व विधायक दीनानाथ कुशवाहा के घर वापसी पर जिलाध्यक्ष ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद, ग़ेनालाल यादव, डॉ. रामनाथ चौहान, हृदयनारायण जायसवाल, अब्बास अंसारी, बेचुलाल चौधरी, प्रज्ञानंद चौधरी, विजय प्रताप यादव, वंदना पासवान, रामबिलास प्रजापति, अवधेश चौधरी, श्यामदेव यादव, मोहन गुप्ता, ऋषिकेश यादव, कमलेश पांडेय, शांति देवी, राजेंद्र प्रसाद, राजवंशी राजभर ने संबोधित किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


