स्मार्ट मीटरों के परीक्षण को दो हजार कनेक्शनों पर लगा चेक मीटर
Deoria News - देवरिया में अधीक्षण अभियंता अमित कुमार सिंह ने कहा कि स्मार्ट मीटरों में अधिक बिल और तेज मीटर चलने की बात भ्रामक है। मीटर पारदर्शी हैं और उपभोक्ताओं के विद्युत उपभोग का रिकॉर्ड रखते हैं। जिले में 71 हजार कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लग चुके हैं और चेक मीटर लगाने की प्रक्रिया जारी है।

देवरिया, निज संवाददाता। अधीक्षण अभियंता अमित कुमार सिंह ने कहा कि स्मार्ट मीटर में अधिक बिल आने, मीटर तेज चलने की बात भ्रामक है। स्मार्ट मीटर पुराने मीटर की तरह ही काम कर रहे हैं। भारत सरकार के निर्देश पर इसमें पूर्व के मीटरों से केवल फीचर अधिक बढ़ाए गए हैं। इसमें उपभोक्ताओं के विद्युत उपभोग के घंटे-घंटे का रिकॉर्ड है। इसके साथ ही जिले में दो हजार स्मार्ट मीटरों पर चेक मीटर लगाए गए हैं। जिसमें कहीं से भी मीटर तेज चलने या अधिक बिल जेनरेट होने की खामियां नहीं पाई गई हैं। स्मार्ट मीटर पूरी तरह से पारदर्शी है।
यह बातें उन्होंने शुक्रवार अपने कार्य कक्ष में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि जिले में 71 हजार कनेक्शनों पर स्मार्ट मीटर लगाया जा चुका है।जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शनों पर प्री-पेड स्मार्ट मीटर लगे हैं और यदि उन्हें लग रहा है कि मीटर तेज चल रहा है या गलत बिल आ रहा है तो वे इसकी जानकारी अपने उप खंड अधिकारी को दें। ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शनों पर चेक मीटर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रही बात बिजली कटने की तो कटने से पूर्व उपभोक्ता के मोबाइल नंबर पर मैसेज जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में सात सौ उपभोक्ताओं से बात किया गया है जिनके द्वारा बताया गया है कि बिल बकाया होने के चलते कनेक्शन कटा है। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं का पिछला बिल बकाया है उनका एरियर व वर्तमान रीडिंग के ही आधार पर बिल आ रहा है। जिसमें बिल बकाए के हिसाब से 10, 20 व 25 प्रतिशत धनराशि जमा करनी पड़ रही है। जिससे कि उपभोक्ताओं पर अधिक भार न पड़े और आसानी से बिल जमा कर सकें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


