40 से ऊपर ही रह रहा मौसम का पारा, गर्मी ने लोगों को किया बेहाल
देवरिया में लगातार तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। लोग लू से बचने के लिए शीतल पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। गर्मी के चलते पशु पक्षी भी बेहाल हैं और काम की तलाश में आए मजदूर मायूस होकर लौट रहे हैं।

देवरिया, निज संवाददाता। लगातार कुछ दिनों से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने के चलते भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बीते दो दिनों से 42 डिग्री तापमान होने के चलते लू चल रही है। दोपहर बाद आग की भट्ठी की तरह लू के थपेड़े चल रहे हैं। जिससे धरती-धधक रही है। देर रात तक मौसम ठंडा होने का नाम नहीं ले रहा है। घरों की छत ठंडा करने के लिए लोग पानी डाल रहे हैं। हीट वेव के चलते आम जनमानस पर इसका व्यापक असर पड़ रहा है। दिन में चिलचिलाती धूप व भीषण गर्मी के चलते लोग घरों से बहुत जरूरी काम होने पर ही निकल रहे हैं। वहीं बच्चों, बुजुर्गों एवं बीमार व्यक्तियों पर मौसम का कहर भारी पड़ रहा है। सुबह की ही धूप बर्दाश्त से बाहर हो जा रही है। भीषण गर्मी के चलते पशु पक्षी भी बेहाल हैं। इसके अलावा सर्वाधिक दिक्कत शहर से काम की तलाश में गांव से शहर आने वाले मजदूरों को हो रही है। साईकिल से ग्रामीण क्षेत्रों से दूर दराज से मजदूर शहर पहुंच रहे हैं लेकिन काम नहीं मिलने से मायूस हो कर घर लौटने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी के चलते सड़कों पर वाहनों का आवागम भी कम ही रह रहा है。
गर्मी से राहत पाने को शीतल पेय पदार्थ ही सहारा:
प्रचंड गर्मी व चिलचिलाती धूप के बीच लू व गर्मी से बचने के लिए लोग तरह तरह के शीतल पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। गर्मी के चलते बाजार में खीरा, ककड़ी व तरबूज की खपत के चलते डिमांड बढ़ गई है। इसके अलावा गर्मी से राहत पाने के लिए लोग चने का सत्तू, विभिन्न कंपनियों के शीतल पेय पदार्थ के जरिए लोग गर्मी दूर कर रहे हैं। इसके अलावा आईसक्रीम, सत्तू व बेल शर्बत पुदीना का पानी, नींबू पानी, जलजीरा जैसे पेय पदार्थों के सहारे गर्मी दूर कर रहे हैं। वहीं धूप व गर्मी से बचने के लिए लोग धूपी चश्मा, गमछा, टोपी, हाथ ढंकने के लिए सूती दस्ताना का प्रयोग कर रहे हैं।
बाजार में खूब बिक रहा गन्ने का रस:
शहर के प्रमुख मार्गो सहित अन्य मुख्य स्थान पर गन्ने का रस खूब बिक रहा है। गर्मी दूर करने को लोग गन्ने के रस में बर्फ डालकर पी रहे हैं। वहीं गर्मी से राहत पाने को लोग नारियल पानी का भी सहारा ले रहे हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


