Severe Flooding in Barhaj Saryu River Exceeds Danger Mark विशुनपुर देवार- नुरूल्लाहपुर तटबंध से टकराया बाढ़ का पानी, Deoria Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsDeoria NewsSevere Flooding in Barhaj Saryu River Exceeds Danger Mark

विशुनपुर देवार- नुरूल्लाहपुर तटबंध से टकराया बाढ़ का पानी

Deoria News - बरहज में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। सरयू नदी खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर बह रही है। बंधे की जर्जर अवस्था से ग्रामीणों में भय है। पानी में फंसे लोगों को बचाने के प्रबंध असफल हो रहे हैं। प्रशासन की...

Newswrap हिन्दुस्तान, देवरियाSun, 7 Sep 2025 09:41 AM
share Share
Follow Us on
विशुनपुर देवार- नुरूल्लाहपुर तटबंध से टकराया बाढ़ का पानी

बरहज(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। बरहज में बाढ़ की स्थिति खतरनाक होती जा रही है। सरयू पूरी तरह से तबाही पर आमादा दिख रही है। पानी खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर प्रवाहित हो रहा है। शुक्रवार की रात बाढ़ का पानी विशुनपुर देवार-नुरुल्लाहपुर बंधे से टकरा गया। बंधे की जर्जर हालत देख दियारा क्षेत्र के ग्रामीणों के चेहरे पर खौफ चस्पा है। पानी में फंसे लोगों को बाहर निकालने के प्रबन्ध नाकाफी साबित हो रहे है। सरयू शनिवार शाम छह बजे 67.55 मीटर पर प्रवाहित हो रही थी। जो खतरे के निशान से 1.05 मीटर अधिक है। उफनाई नदी का तटवर्ती गांवों कटइलवा, परसिया देवार, विशुनपुर देवार, रगरगंज, केवतलिया पर दबाव बढ़ गया है।

परसिया देवार में सरयू के दक्षिणी किनारे पर धर्मपुर के निकट भीषण कटान कर रही है। गांव के मधुबन जाने वाले मार्ग पर भी नदी भयावह कटान कर रही है। विशुनपुर में बाढ़ का पानी हिलोरे मार रहा है। बंधे में बने रेनकट व रैटहोल देख ग्रामीण भयभीत हैं। नकछेद प्रसाद, मंजनाथ यादव का कहना है कि बंधे को लेकर प्रशासन लापरवाह है। रेनकट वाले स्थानों पर मरम्मत कार्य तत्काल शुरू नहीं हुए तो बंधे के दक्षिण तरफ रहने वाली पचीस हजार आबादी डूब जाएगी। विशुनपुर देवार में पानी का दबाव बढ़ने के साथ ही स्कूलहिया टोला, कतलहिया टोला, पुरानी हरिजन बस्ती, लोहार टोला, नई बस्ती, चौहान टोला, महेंद्र का टोला, नई बस्ती मैरुंड हो गए हैं। घरों में कैद ग्रामीणों को बाहर निकालने का अभी तक कोई प्रबंध नहीं हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन ने कुछ नावे दी है। लेकिन पानी से सात टोले घिरे है। राप्ती का पानी बढ़ने से भदिला प्रथम गांव पूरी तरह से घिर गया हैं। गांव से बाहर आने के लिए नाव ही सहारा है। संगम तट पर तटबंध पर दबाव बढ़ रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।