Deoria News: सांसद ने किया मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर का निरीक्षण
Deoria News: देवरिया के देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज स्थित ट्रामा सेंटर का निरीक्षण सांसद शशांक मणि ने किया। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं और उपकरणों की स्थिति देखी, मरीजों के बेहतर उपचार पर जोर दिया। सांसद ने चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाने पर ध्यान दिया।

Deoria News: देवरिया, निज संवाददाता। देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज परिसर में संचालित ट्रामा सेंटर का शनिवार को सदर सांसद शशांक मणि ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रामा सेंटर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, उपकरणों, साफ-सफाई तथा मरीजों के उपचार से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सांसद मणि ने चिकित्सकों एवं मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने ट्रामा सेंटर के विभिन्न कक्षों का भ्रमण किया तथा आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, उनकी कार्यशील स्थिति तथा गंभीर मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाओं के संबंध में भी अधिकारियों से चर्चा की।
कहा कि ट्रामा सेंटर के माध्यम से गंभीर रूप से घायल मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी बनाए रखने के साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।सांसद ने परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, मरीजों के बैठने तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल, सीएमएस डा. एचके मिश्रा, जिला मंत्री डा. हेमंत मिश्रा, आनंद शाही, शैलेन्द्र सिंह आजाद, मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी, राघवेंद्र विक्रम सिंह, सुधीर श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।


