Deoria News: जिले में बढ़ी चाकूबाजी की घटनाएं, पुलिस परेशान
Deoria News: देवरिया में हाल के दिनों में चाकूबाजी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। पिछले एक सप्ताह में तीन चाकूबाजी की घटनाएं हुईं, जिनमें से एक में युवक की हत्या और तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने अपराधियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन लोगों के बीच हिंसा की प्रवृत्ति बढ़ रही है।

Deoria News: देवरिया, निज संवाददाता। जिले में हाल के दिनों में अपराध का ट्रेंड बदला है। पहले छोटी-छोटी बातों पर मारपीट व गोली चलने की घटनाएं होती थीं, लेकिन इन दिनों चाकूबाजी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो एक सप्ताह के अंदर तीन घटनाएं चाकूबाजी की हुई। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। उनका उपचार विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। पुलिस की कार्रवाई भी सख्त हुई है। हर मामले में केस दर्ज होने के साथ ही अपराधियों की गिरफ्तारी भी हुई है। आज कल छोटी-छोटी बातों को लेकर लोग एक-दूसरे के जान के दुश्मन बन जा रहे हैं।
पंचायत में भी मारपीट हो रही है और लोगों की जान तक ले ली जा रही है। 10 सितंबर को भलुअनी उपनगर में युवकों के विवाद में मनीष सिंह मोनू की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। एक या दो बार, चाकू से हमला नहीं किया गया, बल्कि दो दर्जन से अधिक बार चाकू से प्रहार किया गया। इस मामले में चार पर पुलिस ने केस दर्ज किया और चाइना अंसारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी हैं। ई-रिक्शा के किराया विवाद में शहर के भुजौली कालोनी में 15 सितंबर की सुबह भटनी नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन व उनके बेटे पर मनबढ़ों ने चाकू से हमला बोल दिया। पूर्व चेयरमैन का उपचार बीआरडी मेडिकल कालेज में चल रहा है। इस मामले में केस दर्ज कर पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं, गौरीबाजार थाना क्षेत्र में पानी का छींटा जाने को लेकर रविवार की रात विवाद हुआ और सोमवार की रात एक युवक को मनबढ़ों ने चाकू मार दिया। घायल युवक का उपचार बीआरडी मेडिकल कालेज में चल रहा है। इस मामले में भी पुलिस ने दो आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। एक सप्ताह पहले सलेमपुर कोतवाली के पंडित हरैया में कूड़ा के विवाद में एक युवक पर कुल्हाड़ी से प्रहार किया गया। युवक का उपचार बीआरडी मेडिकल कालेज में चल रहा है। इस मामले में भी पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह तो एक बानगी मात्र है। हाल के दिनों में चाकूबाजी की घटनाओं में इजाफा हुआ है।

