परती भूमि की पैमाइश करने गई राजस्व टीम पर हमला
Deoria News - सलेमपुर(देवरिया)। हिन्दुस्तान संवाद सलेमुपर तहसील क्षेत्र स्थित सिसवा दीक्षित गांव में परती

सलेमपुर(देवरिया)। हिन्दुस्तान संवाद
सलेमुपर तहसील क्षेत्र स्थित सिसवा दीक्षित गांव में परती भूमि की पैमाइश करने पहुंची राजस्व टीम पर किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावरों पर गाली-गलौज करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है। राजस्व अभिलेख फाड़ दिए जाने की भी सूचना है। पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र स्थित सिसवा दीक्षित गांव निवासी अखिलेश तिवारी ने गांव की परती भूमि की पैमाइश के लिए तहसील में आवेदन पत्र दिया था। तहसीलदार अलका सिंह ने मंगलवार को सिसवा दीक्षित गांव के हल्का लेखपाल अतुल कुमार, लेखपाल सत्यानंद तिवारी, कानूनगो श्यामनाथ की तीन सदस्यीय टीम गठित कर सीमांकन के लिए भेजा था। टीम ने सिसवा दीक्षित में पहुंचकर नवीन परती दर्ज भूमि की पैमाइश शुरू कर दी। आवेदक अखिलेश तिवारी मौजूद थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग लाठी-डंडा लेकर पहुंचे और अपशब्दों का प्रयोग करते हुए राजस्व टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि राजस्व अभिलेख फाड़ दिया। टीम किसी तरह जान बचाकर कोतवाली पहुंची। घटना की सूचना पाकर अन्य लेखपाल भी कोतवाली पहुंच गए और हंगामा करने लगे। हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि हल्का लेखपाल अतुल कुमार की तहरीर पर पुलिस ने सिसवा दीक्षित गांव निवासी सत्यदेव तिवारी और उसके बेटे ऋषिकेश के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। तहसीलदार अलका सिंह का कहना है कि पैमाइश करने गई टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। सरकारी कार्य में बाधा डालने एवं सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


