
रबी में वितरित किया गया 23 हजार कुंतल गेहूं बीज
Deoria News - इस साल रबी सीजन में देवरिया में 23 हजार कुंतल गेहूं बीज का वितरण किया गया है, जो पिछले साल से 5 हजार कुंतल अधिक है। अनुदान की राशि काटकर बीज का पैसा जमा करने के नए नियम से किसानों को लाभ हुआ है। कृषि विभाग ने इस बार बीज की बिक्री में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की है।
देवरिया, निज संवाददाता इस साल रबी सीजन में रिकार्ड तोड़ 23 हजार कुंतल गेहूं बीज का वितरण किया गया है। पिछले साल से 5 हजार कुंतल अधिक अनुदानित बीज की बिक्री की गई है। बीज अनुदान का पैसा काट कर जमा करने के चलते किसानों ने बीज खरीद का खूब फायदा उठाया है। कृषि विभाग ने रबी सीजन में जिले में कुल 175883 हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं, दलहनी, तिलहनी फसलों की बुवाई करने का लक्ष्य रखा गया था। इसमें 143279 हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई की गयी है। जबकि 24585 हेक्टेयर में सरसों, 3583 हेक्टेयर में तोरिया की खेती की गयी है।
पहले किसानों को बीज की खरीदारी करने के दौरान राजकीय बीज भंडारों से किसान अंश व अनुदान की दोनों राशि जमा करनी पड़ती थी। बाद में अनुदान की राशि किसानों के खाते में जाती थी। इससे किसानों को बीज की खरीदारी करने के दौरान दोहरी पूंजी लगानी पड़ती थी और खाते में अनुदान की राशि जाने में तीन-चार महीने लग जाता। शासन ने पिछले साल से किसानों को अनुदान की राशि काटकर कर बीज का पैसा जमा करने का नियम लागू किया। इससे किसानों को काफी राहत मिली। वर्ष 2021-22 में 13511 कुंतल गेहूं बीज का वितरण किया गया था, जबकि 2022-23 में घटकर 11050 कुंतल हो गया। वर्ष 2023-24 में बीज बिक्री में मामूली बढ़ोतरी हुई और 11298 कुंतल अनुदान पर बीज बांटा गया। हालांकि पिछले साल वर्ष 2024-25 के रबी सीजन में अनुदान की राशि काटकर बीज का पैसा जमा करने के निर्देश से बीज की विक्री बढ़कर 18311 कुंतल हो गयी। इस साल कृषि विभाग ने 23 हजार कुंतल से अधिक अनुदानित बीज का वितरण कर रिकार्ड कायम कर दिया। बोले जिम्मेदार किसानों की डिमांड पर अनुदान पर 23 हजार कुंतल से अधिक गेहूं बीज का वितरण किया गया है। यह पिछले साल से 5 हजार कुंतल अधिक है। अनुदान की राशि का काटकर बीज का पैसा जमा करने से बिक्री बढ़ गयी। 10 दिसंबर को अनुदान पर बीज की विक्री का समय समाप्त हो गया। - उदय शंकर सिंह, जिला कृषि अधिकारी, देवरिया

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




