बंदर ने मजदूर को काटकर किया लहूलुहान
रामपुर कारखाना के कोटवा मोड़ चौराहे पर एक काले बंदर ने मजदूरी के लिए निकले व्यक्ति को काटकर लहूलुहान कर दिया। यह बंदर पिछले एक महीने से राहगीरों पर हमला कर रहा है, लेकिन वन विभाग ने अभी तक इसे पकड़ने का कोई प्रयास नहीं किया है।

रामपुर कारखाना(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। मजदूरी के लिए घर से निकले एक व्यक्ति को बंदर ने काटकर लहूलुहान कर दिया। कोटवा मोड़ चौराहे पर एक महीने से काले बंदर ने आतंक मचा कर रखा है। वह रोजाना एक या दो व्यक्ति को काटकर जख्मी कर रहा है। जानकारी होने के बावजूद वन विभाग बंदर को पकड़ने से कतरा रहा है। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के कोटवा मोड़ चौराहे पर एक महीने से काले बंदर का आतंक जारी है। वह पैदल, साइकिल सवार और बाइक सवार को निशाना बना रहा है। शनिवार की सुबह तरकुलवा थाना क्षेत्र के कोन्हवलिया गांव निवासी मुलायम 30 वर्ष मजदूरी के लिए जिला मुख्यालय को निकला था।
अभी वह रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के कोटवा मोड़ चौराहे पर पहुंचा था कि झपट्टा मारकर काला बंदर कूद पड़ा। मजदूर हिम्मत दिखाते हुए बंदर से भिड़ गया। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग लाठी डंडा लेकर दौड़े, लेकिन तब तक बंदर ने मुलायम के दोनों हाथों की उंगलियों को चबाकर लहूलुहान कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क पर लाठी पीट कर बंदर को भगाया। वह हर दिन किसी न किसी राहगीर को निशाना बना रहा है। ग्रामीण इसकी सूचना हर दूसरे तीसरे दिन वन विभाग को दे रहे हैं। लेकिन अभी तक बंदर को पकड़ने का कोई इंतजाम विभाग ने नहीं किया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


