देसी-विदेशी सैलानियों के साथ देवरिया पहुंची रेल जागृति यात्रा, हुआ जोरदार स्वागत
Deoria News - देवरिया में देसी-विदेशी सैलानियों का भव्य स्वागत हुआ। रेल जागृति यात्रा के तहत 500 युवा मुंबई से निकलकर 8,000 किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य उद्यमिता और भारत निर्माण का संकल्प है। बरपार में ग्रामीण उद्यमिता और स्थानीय नवाचारों का अनुभव कराने के साथ-साथ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
देवरिया, हिन्दुस्तान टीम। देसी-विदेशी सैलानियों के साथ सोमवार की सुबह रेल जागृति यात्रा देवरिया पहुंची। यहां फूल-माला के साथ उसका भव्य स्वागत किया गया। सैलानियो के चेहरों पर यात्रा का भरपूर उत्साह दिख रहा था। सदर रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद सैलानी बैतालपुर के बरपार के लिए रवाना हो गए। उद्यमिता से भारत निर्माण के संकल्प को लेकर 7 नवंबर को मुम्बई से निकली इस रेल यात्रा में 500 युवा शामिल हैं। 21 नवंबर को गुजरात के अहमदाबाद पहुंच कर यह रेल यात्रा समाप्त हो जाएगी। देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर जैसे ही ट्रेन रुकी, जागृति उद्यम केंद्र-पूर्वांचल की टीम के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने यात्रियों का माला पहनाकर स्वागत किया।

यात्रियों की मुस्कुराहट और उत्साह ने माहौल को उत्सव में बदल दिया। कई यात्री, खासकर विदेशी, देवरिया नामपट्टिका के सामने सेल्फी लेते दिखाई दिए। कुछ ने लाइव आकर ब्लॉगिंग की। ऑस्ट्रेलिया से आए यात्री टिकी कोरा ट्रेन से उतरते ही सीढ़ियों पर खड़े होकर बोल पड़े-"वाओ... दिस इज़ देवभूमि देवरिया!" उनकी आवाज़ सुनते ही साथी यात्री और स्वागत कर रहे लोग एकटक उनकी ओर देखने लगे। उनके शब्दों में उत्साह और जिज्ञासा साफ झलक रही थी। स्वागत के तुरंत बाद यात्रियों को प्लेटफार्म पर ही नाश्ते की व्यवस्था कराई गई। स्टेशन पर ही बने अस्थायी कैफेटेरिया में स्नैक्स, चाय और फल परोसे गए। यात्रियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कोई वीडियो कॉल पर परिवार को देवरिया स्टेशन दिखा रहा था, तो कोई अपनी डायरी में आज के दिन की शुरुआत दर्ज कर रहा था। करीब आठ बजे, स्टेशन परिसर में खड़ी बसों में सवार होकर सभी यात्री बरपार स्थित गेस्ट हाउस की ओर रवाना हुए, जहाँ से उनका दिन शुरू होगा। गांव भ्रमण, जागृति उद्यम केंद्र का अनुभव, और बिज ज्ञान ट्री गतिविधियों के साथ। स्वागत के दौरान जागृति के सीईओ आशुतोष कुमार, यात्रा के सीओओ चिन्मय, प्रोग्राम मैनेजेर मनीष बजाज, अनुराग तिवारी, अभिषेक सिंह, प्रीति पांडेय, शहाना, विवेक विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे। 8 हजार किमी का सफर तय करेगी रेल यात्रा इस विशेष यात्रा में भारत के विभिन्न राज्यों के अलावा ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात और अर्जेंटीना जैसे देशों के युवा शामिल हैं। यह यात्रा भारत के 12 राज्यों से गुजरते हुए कुल 8,000 किलोमीटर का सफर तय करेगी। देवरिया इसका आठवां पड़ाव है, और सबसे प्रेरणादायक भी, क्योंकि यहीं से उद्यम के माध्यम से भारत निर्माण के विचार ने आकार लिया था। बरपार पहुंचने के बाद यात्री ग्रामीण उद्यमिता, पंचायत व्यवस्था और स्थानीय नवाचारों को नज़दीक से देखेंगे। यहां आयोजित होने वाली बिज ज्ञान ट्री प्रतियोगिता में युवा टीमें अपने सामाजिक-आर्थिक मॉडल प्रस्तुत करेंगी। इसके अलावा, देवरिया के स्थानीय उद्यमी और स्टार्टअप फाउंडर भी यात्रियों से संवाद करेंगे। इसके बाद यात्री बरपार में रात्रि विश्राम करेंगे। आयोजन स्थल पर प्रदर्शनी, संवाद सत्रों और नवाचार आधारित गतिविधियों की व्यवस्था होगी। स्टॉल्स में दिखेगी पूर्वांचल की नवाचार शक्ति जागृति उद्यम केंद्र-पूर्वांचल द्वारा समर्थित विभिन्न उद्यमियों के स्टॉल बरपार में लगाए जाएंगे। इनमें देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर, संतकबीर नगर, महराजगंज, बलिया और मऊ जिलों के नवोदित उद्यमी शामिल हैं। ये स्टॉल स्थानीय उत्पादों, नवाचारों और स्टार्टअप विचारों को प्रदर्शित करेंगे। ताकि यात्री देख सकें कि पूर्वांचल कैसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




