प्रांतीय रक्षक दल के जवानों को मिलेगी बीस लाख की दुर्घटना बीमा
Deoria News - देवरिया में प्रांतीय रक्षक दल के जवानों को अब बीस लाख का दुर्घटना बीमा मिलेगा। युवा कल्याण विभाग और एक्सिस बैंक के बीच समझौते के तहत, 426 जवानों को यह सुविधा दी जाएगी। इससे जवान निडर होकर अपनी ड्यूटी...

देवरिया, निज संवाददाता। सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रांतीय रक्षक दल के जवान(पीआरडी) अब निडर होकर अपनी डयूटी कर सकेंगे। डयूटी के दौरान कोई अनहोनी होने पर जवानों को बीस लाख की दुर्घटना बीमा प्रदान की जाएगी। इसके लिए युवा कल्याण विभाग ने एक्सिस बैंक के साथ समझौता किया है। जिले में कुल 426 पीआरडी जवान कार्यरत हैं, जिनमें 354 पुरूष और 72 महिला जवान शामिल हैं। जवानों की डयूटी थानों से लेकर यातायात संचालन और अन्य जगहों पर लगाई जाती है। अभी तक पीआरडी जवानों को कोई बीमा कवरेज नहीं था। काफी समय से जवान इसकी मांग कर रहे थे।
कुछ दिन पहले युवा कल्याण एवं प्रादेशिक दल विभाग के महानिदेशक और एक्सिस बैंक के बीच समझौता हुआ। इसके तहत पीआरडी जवानों को अब कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी। उनका शून्य बैलेंस पर एक्सिस बैंक में वेतन खाता खोला जाएगा। साथ ही जवानों को बीस लाख की व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और स्थाई विकलांगता कवर दिया जाएगा। उनके बच्चों की पढ़ाई के लिए अलग से आठ लाख की सहायता राशि भी मिलेगी। यह सुविधा उन्हीं जवानों को मिलेगी जिनकी विभागीय पोर्टल पर डाटा लॉक्ड है। एक्सिस बैंक से अनुबंध के आधार पर जवानों को बीस लाख की दुर्घटना बीमा से कवर किया जाएगा। हालांकि इसके लिए कुछ शर्त भी है। इसके लिए सभी जवानों को अपना वेतन खाता एक्सिस बैंक में खोलने का निर्देश जारी किया गया है। पुनीत कुमार, डीओ पीआरडी देवरिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




