शहर से गांव तक लो वोल्टेज व ट्रिपिंग से मची हाहाकार

Jul 12, 2025 09:31 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देवरिया
share

Deoria News - देवरिया में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लो वोल्टेज, ट्रिपिंग और ओवर लोडिंग की समस्या के चलते बिजली की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उपभोक्ताओं को दिन...

शहर से गांव तक लो वोल्टेज व ट्रिपिंग से मची हाहाकार

देवरिया, हिन्दुस्तान टीम। भीषण गर्मी में हो रही बिजली कटौती कोढ़ में खाज का काम कर रही है। जिले में आए दिन शहर से लेकर गांव तक लो वोल्टेज, ट्रिपिंग, लोकल फॉल्ट व ट्रांसफार्मरों के फूंकने की समस्या के चलते आपूर्ति प्रभावित हो रही है। वहीं शहर में उपकेंद्रों के कुछ फीडरों के ओवर लोड होने से भी आपूर्ति प्रभावित हो रही है। पांडेय चक उपकेंद्र पर लगे दो फीडरों के ओवर लोड होने से उपनगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित हो रही है। इसी प्रकार भटनी क्षेत्र में भी बिजलीं कटौती से उपभोक्ता परेशान हैं। शहर के रामलीला मैदान विद्युत केंद्र पर रामलीला मैदान उपकेंद्र पर 11 हजार वोल्टेज के सापेक्ष 8 से 9 हजार ही वोल्टेज मिल रहा है।

जिससे आये दिन अधिकांश मोहल्लों में वोल्टेज की समस्या रह रही है। वहीं टाउन, हनुमान मंदिर व भुजौली फीडरों पर लोड बढ़ने से ट्रिपिंग वालों वोल्टेज की भी समस्या बढ़ जा रही है जिससे भीषण गर्मी में दिक्कत हो रही है। इसी प्रकार पांडेय चक विद्युत उपकेंद्र के उपभोक्ता रात को कटौती से परेशान है।। रामपुर कारखाना फीडर में रात में 10 से 11, 12 से 1 एवं 2 से 3 के बीच बिजली कट रही है। जिससे उपभोक्ता रात को चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं। उपकेंद्र के रुस्तमपुर और पांडेय चक फीडर पर लोड बढ़ने से लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ता परेशान हैं। यही हाल विद्युत उपकेन्द्र लार से जुड़े गांवों में है। ओवरलोड, लोकल फाल्ट एवं ट्रिपिंग की समस्याओं से उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत उपकेंद्र लार से सप्लाई देने के लिए चार फीडर लगे हैं। विद्युत उपकेन्द्र लार पर टाउन, भागलपुर, नार्थ, रोपन छपरा फीडर सहित खेमादेई फीडर से क्षेत्र में बिजली की सप्लाई दी जाती है। विभाग की लापरवाही से प्रतिदिन जम्फड़ कटना व तार टूट कर गिरना जारी है। जम्फर उड़ने व तार टूटकर गिरने से दिन में भी बिजली बाधित रहती है। वहीं सलेमपुर उपकेंद्र से जुड़े तहसील फीडर, बीएसएनएल फीडर, नवलपुर फीडर से कुल 12 से 14 घंटे ही बिजली उपभोक्ताओं को मिल पा रही है। बिजली कटौती से क्षेत्रों दो लाख से अधिक उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है। सलेमपुर में ओवरलोड, लोकल फाल्ट एवं ट्रिपिंग की समस्याओं से उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन और रात मिलाकर आठ से दस घंटे ही बिजली मिल रही है। मझौलीराज उपकेंद्र से भी शेड्यूल के मुताबिक आपूर्ति नहीं मिल रही है। विद्युत उपकेन्द्र उसरा बाजार से संचालित वेस्ट फीडर, बढ़या फीडर व इंडस्ट्रियल फीडर पर बहुत ओवर लोड रहता है जिसके कारण रोज रोज कहीं कहीं फाल्ट की समस्या बनी रहती है। लोड बांटने के लिए उपकेंद्र में एक नए फीडर का निर्माण कार्य हो रहा है। इसके स्थापित होने से उपभोक्ताओं को सहूलियत होगी। तरकुलवा उपकेन्द्र पर दिन में तो सही बिजली मिल रही हैं लेकिन रात में कब आती हैं कब जाती हैं यह क्रम रात भर जारी रहता है। यही हाल भटनी उपकेंद्र का है। उपकेंद्र में लगे फीडरों के ओवर लोड होने के कारण ऊभोक्ताओं शेड्यूल के मुताबिक बिजली नहीं मिल रही है। उपकेंद्र पर एक 5 एमवीए का ट्रांसफर आया है लेकिन चालू नहीं सका है। उप नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित कटौती: उप नगर क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से विद्युत उपभोक्ताओं में हाहाकार है। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोग परेशान है। हालात यह है कि नगर में करीब 12 से 14 घन्टे व ग्रामीण क्षेत्रो में जैसे तैसे 10 -12 घन्टे ही आपूर्ति मिल रही है। बिजली कटौती से उपभोक्ताओं में आक्रोश है। भाटपाररानी विद्युत सब स्टेशन से पांच फीडर संचालित होते है। इसमें नगर, तहसील व जसुई, सोहगरा, खामपार के फीडर में करीब चार लाख की आबादी को आपूर्ति दी जाती है। गुरुवार की रात नगर में कई जगह फाल्ट हो गया। देर रात तक कर्मियों ने ठीक कर के आपूर्ति बहाल की। लेकिन यह समस्या हर रोज का है। लोड बढ़ने से फाल्ट के चलते आपूर्ति बाधित हो रही है। फाल्ट के चलते रात जगकर ही लोगों को बीताना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्र का तो और बुरा हाल है। दिन दिन भर आपूर्ति नहीं रह रही है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।