भीषण गर्मी में लोड बढ़ने से प्रतिदिन फुंक रहे नौ से दस ट्रांसफार्मर, बढ़ी परेशानी

हिन्दुस्तान, देवरिया
Follow us on Google News
share

देवरिया में प्रचंड गर्मी के बीच बिजली कटौती ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर और गांवों में औसतन 9 से 10 ट्रांसफार्मर हर रोज फट रहे हैं। गायत्री पुरम मोहल्ले में ट्रांसफार्मर में आग लगने से 17 घंटे तक बिजली बंद रही, जिससे उपभोक्ताओं को कठिनाई का सामना करना पड़ा।

भीषण गर्मी में लोड बढ़ने से प्रतिदिन फुंक रहे नौ से दस ट्रांसफार्मर, बढ़ी परेशानी

देवरिया, निज संवाददाता। प्रचंड गर्मी में विद्युत कटौती कोढ़ में खाज का काम कर रही है। शहर से लेकर गांव तक विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। वहीं गर्मी बढ़ने के साथ ही ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ते ही उनके फूंकने का सिलसिला शुरू है। नतीजतन औसतन प्रतिदिन 9 से 10 ट्रांसफार्मर हर रोज फुंक रहे हैं। लोकल फाल्ट, लो वोल्टेज के चलते उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। शुक्रवार को शहर के गायत्री पुरम मोहल्ले में बीती रात विद्युत आपूर्ति के दौरान ट्रांसफार्मर में आग लगने से लगभग 17 घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही और भीषण गर्मी में उपभोक्ता बिलबिला उठे। शुक्रवार की रात शहर के रामगुलाम टोला गायत्रीपुरम मोहल्ले के वार्ड नंबर 20 में विद्युत आपूर्ति के दौरान लगभग 11 बजे अचानक 400 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। इससे करीब सौ घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गयी। शनिवार शाम 5 बजे तक आपूर्ति बाधित रही, जिससे भीषण गर्मी में लोग परेशान रहे और रात को चैन की नींद नहीं सो सके। वहीं सुबह घरों में पानी की किल्लत हुई। लगभग 17 घंटे तक बिजली नहीं होने से इनवर्टर भी दगा दे गए। उधर मोहल्लेवासियों ने रात को ही बिजली विभाग को इसकी जानकारी दी लेकिन शनिवार की सुबह तक आपूर्ति शुरू नहीं हो पायी। सुबह लोगों ने बिजली विभाग के सीयूजी नम्बर पर फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। शनिवार की शाम नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर लगभग 5.30 पर विद्युत आपूर्ति बहाल हुई इसके बाद लोगों को राहत मिली। उधर गर्मी बढ़ने के ट्रांसफार्मरों के फुंकने का भी औसत बढ़ गया है। इसके चलते औसतन 9 से 10 ट्रांसफार्मर हर रोज जल रहे हैं। इस माह 1 से 20 तक कुल लगभग 180 ट्रांसफार्मर जल चुके हैं। वहीं शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ता लो वोल्टेज, लोकल फाल्ट व इमरजेंसी रोस्टिंग की समस्या से हर रोज जूझ रहे हैं। वहीं एसडीओ ट्रांसफार्मर रोहित पाण्डेय का कहना है कि जहां भी ट्रांसफार्मर जल रहे हैं वहां समय सीमा के भीतर बदल दिया जा रहा है। जिससे कि उपभोक्ताओं को सहूलियत हो।

बरियारपुर का नौतन फीडर 20 घंटे से ठप

बरियारपुर संवाद के अनुसार बरियारपुर विद्युत उपकेंद्र के नौतन फीडर से ब्रेकडाउन होने के चलते करीब 54 गांवों की बिजली व्यवस्था पिछले लगभग 20 घंटे से पूरी तरह ठप है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं। रात करीब 11 बजे से कटी बिजली शनिवार शाम तक बहाल नहीं हो सकी थी। इसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी रही और विभाग पर मनमाने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि नौतन फीडर के अंतर्गत इतने बड़े क्षेत्र की जिम्मेदारी मात्र दो लाइनमैन के भरोसे है। ऐसे में फाल्ट होने पर समय से विद्युत आपूर्ति बहाल करना मुश्किल हो जाता है। लगातार बिजली कटौती और धीमी मरम्मत व्यवस्था को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। भीषण गर्मी के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। उधर बिजली नहीं होने से मोटर और पंप नहीं चल पा रहे हैं, जिससे घरों में पानी की समस्या खड़ी हो गई है। बिजली नहीं होने से लोगों के मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हैं। इस संबंध में बरियारपुर विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ अरुण कुमार ने बताया कि नौतन फीडर में ब्रेकडाउन होने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। फाल्ट का पता लगाया जा रहा है और विभागीय टीम मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही विद्युत व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।

पिछले हफ्ते वोल्टेज की कुछ समस्या

पिछले हफ्ते वोल्टेज की कुछ समस्या थी जो दूर हो गई है। 10 हजार वोल्टेज मिल रहा है। शहर में वोल्टेज से संबंधित किसी प्रकार की समस्या नहीं है। गायत्री पुरम मोहल्ले में जो ट्रांसफार्मर जला था उसे बदलकर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है। गर्मी को देखते हुए उपभोक्ताओं की समस्याओं का हर संभव समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।

चंद्रमा प्रसाद

अधिशासी अभियंता।

सामान्य प्रश्न

गायत्री पुरम मोहल्ले में विद्युत आपूर्ति कब बाधित हुई?
गायत्री पुरम मोहल्ले में विद्युत आपूर्ति शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे बाधित हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।