
शराब पीने के विवाद में युवक की हुई थी हत्या, दो गिरफ्तार
संक्षेप: Deoria News - देवरिया में श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के नरकटिया के समीप युवक सतीश साह की हत्या शराब पीने के विवाद में हुई। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों ने हत्या की बात कबूल की और घटना में प्रयुक्त बाइक व मोबाइल बरामद किया गया।
देवरिया, निज संवाददाता। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के नरकटिया के समीप युवक की हुई हत्या के मामले का पुलिस ने शनिवार को 48 घंटे के अंदर पर्दाफाश कर दिया। युवक की हत्या शराब पीने के विवाद में हुई थी। घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस लाइन में घटना का पर्दाफाश करते हुए एएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि गोपालगंज जनपद के उचकागांव के साथी निवासी रुपचंद साह के बेटे सतीश साह कुछ युवकों के साथ 12 नवंबर को श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में शराब पीने आए थे। उसी रात को विवाद हो गया और बाइक सवार साथियों ने नरकटिया के समीप अधमरा कर सतीश को फेंक दिया।

इसके बाद फरार हो गए। एक महिला की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल सतीश को मेडिकल कालेज पहुंचाया, जहां सतीश को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में रुद्रचंद की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बनकटा चित्रसेन के समीप से दो युवकों को गिरफ्तार किया। जिसमें इकरार अंसारी उर्फ हजारी पुत्र मन्ना व सैय्यद आलम पुत्र मुहम्मद असलम निवासी तुहसी थाना उचकागांव जिला गोपालगंज बताया। दोनों ने घटना कारित करने की बात कबूल की। घटना में प्रयुक्त बाइक व मोबाइल भी पुलिस ने बरामद किया है। घटना के पर्दाफाश करने वाली टीम में थानाध्यक्ष डा.महेंद्र कुमार, उप निरीक्षक झीनेलाल पासवान, मनीष त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल मिथिलेश कुमार, अजीत यादव, अजय सिंह, राहुल यादव शामिल हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




