वन स्टाप सेंटर से फरार किशोरी बरामद, दो पुलिसकर्मी निलंबित
Deoria News - देवरिया के वन स्टाप सेंटर से 16 वर्षीय किशोरी बुधवार को फरार हो गई थी। तरकुलवा पुलिस ने उसे गुरुवार की रात बरामद कर लिया और फिर से सेंटर में भर्ती कर दिया। इस लापरवाही के लिए महिला उप निरीक्षक और महिला सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। अन्य पर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई है।

देवरिया, निज संवाददाता। शहर के मेडिकल कालेज रोड स्थित वन स्टाप सेंटर से बुधवार की शाम फरार किशोरी को गुरुवार की देर रात तरकुलवा पुलिस ने बरामद कर लिया। साथ ही वन स्टाप सेंटर में ले जाकर उसे दाखिल कर दिया। उधर लापरवाही मिलने पर एसपी संजीव सुमन ने महिला उप निरीक्षक व महिला सिपाही को निलंबित कर दिया है, वहीं अन्य पर कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी है। तरकुलवा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी अपहृ़त हो गई थी। पुलिस ने उसे 14 फरवरी को बरामद किया और वन स्टाप सेंटर में रख दिया गया।
न्यायालय में 164 का बयान दर्ज होने के साथ ही मेडिकल परीक्षण की कार्रवाई भी पूरी कर ली गई। परिजन किशोरी को अपने साथ ले जाने को तैयार नहीं थे। इसलिए 26 फरवरी को उसे बलिया स्थित बाल गृह बालिका भेजा जाना था। इसकी रिपोर्ट तैयार कर ली गई थी। बुधवार की शाम कोई सामान फेंकने के लिए किशोरी गली की तरफ गई और फिर वहीं से फरार हो गई। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। तरकुलवा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे बरामद कर लिया। उधर एसपी ने प्रकरण की जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया दोषी मिलने पर महिला उप निरीक्षक रेखा देवी व महिला सिपाही सरिता बिंदू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं महिला पीआरडी किरन देवी, शीला देवी, कंशा देवी, वन स्टाप सेंटर की मैनेजर नीतू भारती के विरुद्ध कार्रवाई के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


