
अपनों ने ठुकराया, पुलिस ने किया अधेड़ का अंतिम संस्कार
Deoria News - देवरिया में एक अधेड़ व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत के बाद उसके परिवार ने शव लेने से इंकार कर दिया। पुलिस ने उसे अंतिम संस्कार के लिए बरहज के सरयू नदी तट पर ले जाकर उसका अंतिम संस्कार किया। इस कार्य की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।
देवरिया, निज संवाददाता। एक अधेड़ की मौत के बाद उसके अपनों ने उसे ठुकरा दिया। पुलिस की पहल के बावजूद वे अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए। जिसके बाद सदर कोतवाली से गए पुलिस कर्मियों ने बरहज के सरयू नदी तट पर अधेड़ का अंतिम संस्कार किया। पुलिस के इस कार्य की सराहना की जा रही है। बरहज थाना क्षेत्र के नदुआ छपरा के रहने वाले रामनक्षत्र उपाध्याय की शादी नहीं हुई थी। वह बघौचघाट के बोलबम चौराहे के पास रहते थे। गांव पर कुछ ही जमीन उनकी बची हुई है। एक सप्ताह पहले वह सड़क हादसे में घायल हो गए।
उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में उपचार के लिए लोगों ने भर्ती कराया, उपचार के दौरान उनकी गुरुवार की रात मौत हो गई। इसके बाद कोतवाली ने उनके करीबी पट्टीदारों से टेलीफोन पर बातचीत कर उनके मरने की जानकारी दी और शव आकर ले जाने को कहा लेकिन पट्टीदार तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और कोतवाली के सिपाही आदित्य यादव कुछ अन्य कर्मियों के साथ एंबुलेंस से शव को लेकर नदुआ छपरा गांव पहुंचे। वहां पट्टीदारों से अंतिम संस्कार करने की बात कही, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस खुद शव लेकर बरहज के सरयू नदी तट पर पहुंची और अंतिम संस्कार किया। ------- एक व्यक्ति की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई थी। उसके अपनों को इसकी जानकारी दी गई लेकिन वे आने से इंकार कर दिए। इसके बाद पुलिस शव लेकर गांव पहुंचे लेकिन वहां पर भी पट्टीदारों ने अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने बरहज के सरयू तट पर उसका अंतिम संस्कार किया। विनोद कुमार सिंह, कोतवाल देवरिया सदर।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




