मानदेय को संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने काला फीता बांध किया काम
Deoria News - देवरिया में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत काम कर रहे संविदा कर्मियों ने सोमवार को काला फीता बांधकर काम किया। मार्च और अप्रैल का मानदेय न मिलने पर उन्होंने 20 मई तक कार्य जारी रखने की चेतावनी दी। यदि भुगतान नहीं हुआ, तो 21 मई से कार्य बहिष्कार करेंगे।

देवरिया, निज संवाददाता। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य विभाग में मानदेय पर तैनात संविदा कर्मियों ने सोमवार को काला फीता बांधकर स्वास्थ्य केन्द्रों पर काम किया। एनएचएम कर्मचारियों को मार्च, अप्रैल का मानदेय नहीं मिला है। वह जिले की सभी सीएचसी, पीएचसी पर 20 मई तक काला फीता बांध काम करेंगे। इसके बाद भी मानदेय भुगतान नहीं होने पर 21 मई से कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष अमित कुमार दुबे व मंत्री कामेश्वर मिश्र के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मचारियों ने सोमवार को सीएचसी, पीएचसी पर काला फीता बांधकर कार्य किया।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन देकर मार्च, अप्रैल का मानदेय भुगतान की मांग की। इसमें कहा है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों को मार्च, अप्रैल का मानदेय अभी तक नहीं मिला है। जिससे कर्मचारियों के परिवारों को गम्भीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालयों का नया शैक्षणिक सत्र प्रारम्भ हो चुका है, जिसके चलते कर्मचारियों को अपने बच्चों का शुल्क, पुस्तकें एवं अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं के साथ-साथ दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति को धन की आवश्यकता है। कर्मचारियों के समक्ष आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। 20 मई तक कर्मचारियों को 2 माह का लम्बित मानदेय नहीं मिलता है को संगठन के प्रांतीय कार्यकारिणी के आवाह्न पर समस्त कर्मचारी 21 मई कार्य बहिष्कार करेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


