दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी को बिहार में पुलिस की दबिश
Deoria News - वाराणसी-भटनी रेल खंड पर चलती ट्रेन में एनसीसी कैडेट के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी टीटीई राहुल कुमार की गिरफ्तारी के लिए जीआरपी ने पटना में दबिश दी। मोबाइल बंद होने के कारण उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही है। पुलिस ने 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया है और एसटीएफ को भी कार्रवाई में शामिल किया गया है।

देवरिया, निज संवाददाता। वाराणसी-भटनी रेल खंड पर चलती ट्रेन के एसी प्रथम श्रेणी कोच में सीट दिलाने का झांसा देकर एनसीसी कैडेट के साथ दुष्कर्म करने वाले टीटीई की गिरफ्तारी के लिए जीआरपी ने बिहार के पटना में दबिश दी, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लग सका। मोबाइल बंद होने के चलते पुलिस को उसका सटीक लोकेशन नहीं मिल पा रहा है। उधर 10 हजार रुपये के इनाम घोषित होने के बाद उसकी गिरफ्तारी को एसओजी व एसटीएफ को भी जिम्मेदारी दे दी गई है। जिम्मेदार अधिकारी जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर लेने का दावा कर रहे हैं।मऊ जिले की रहने वाली एक छात्रा एनसीसी कैडेट है और गोरखपुर में रहकर सेना के लिए तैयारी करती है।
15 फरवरी को उसकी कोई परीक्षा थी। इसलिए वह मऊ गई थी। अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में बिना टिकट के ही मऊ में वह सवार हो गई। छात्रा एनसीसी ड्रेस में थी और वह एसी प्रथम श्रेणी में बैठ गई। आरोप है कि जब वह बैठी, उसी समय राहुल कुमार नाम का टीटीई आया और उससे टिकट मांगा, बाद में उसे सीट दिलाने के बहाने एसी प्रथम श्रेणी के एक सीट पर ले जाकर अंदर से फाटक बंद कर लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध जीआरपी देवरिया में केस दर्ज है। आरोपी टीटीई राहुल कुमार पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के समारा सदिसोपुर का रहने वाला है। इसकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत पांच टीमें लगाई गई थी। अब एसटीएफ को भी लगा दिया गया है, लेकिन आरोपी का मोबाइल बंद होने के चलते लोकेशन नहीं मिल पा रहा है। इसके भाई को संरक्षण देने के आरोप में पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जीआरपी के सूत्रों की माने तो शनिवार को भी जीआरपी की एक टीम पटना पहुंची और छापेमारी की, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लग सका। उसके नेपाल निकल जाने की पुलिस संभावना जता रही है। सूत्रों का कहना है कि वह शराब के साथ बिहार में किसी थाने में अपनी गिरफ्तारी दिखाने की तैयारी में है। ताकि वह यूपी पुलिस के हाथ न लग सके और पुलिस बाद में उसे अपने रिमांड पर ले। फिलहाल जो भी हो, अब तो उसकी गिरफ्तारी के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि वह घटना के बाद कहां रहा? जीआरपी थानाध्यक्ष अभिषेक पांडेय ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


