महिला की हत्या पर पांच के खिलाफ केस, आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी पुलिस
Deoria News - तरकुलवा थाना क्षेत्र के फरेंदहा गांव में भूमि विवाद के चलते महिला की हत्या हो गई। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें एक पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। मृतका की बहू सीमा देवी की हत्या फावड़े से की गई। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।

देवरिया, हिन्दुस्तान टीम। तरकुलवा थाना क्षेत्र के फरेंदहा गांव में भूमि विवाद में मारपीट के दौरान महिला की हत्या पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में एक पुरूष और चार महिलाएं शामिल हैं। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है। उधर मृतका के ससुर नरसिंह यादव की हालत भी गंभीर बनी हुई है। उनका मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में उपचार चल रहा है। ऐतिहात के तौर पर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। गुरूवार की शाम को फरेंदहा गांव में हुई घटना ने रिश्ते को शर्मशार कर दिया। भूमि विवाद में कुछ लोगों ने रिश्ते की अपनी चचेरी बहू की जान ले ली।
फरेंदहा निवासी नरसिंह यादव और उनके सगे भाई बाबूलाल यादव के घर के बीच 10 फुट लंबा रास्ता है। दोनों परिवारों आने-जाने के लिए इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। उक्त भूमि पर दोनों पक्ष अपना दावा करते हैं। गुरूवार की शाम को बाबूलाल अपने दरवाजे पर मिट्टी भराई कर रहे थे। रास्ते किनारे नरसिंह की भैस बंधी हुई थी। मिट्टी ले जा रहे लोगों को देखकर भैंस उन्हें मारने को झपट्टा मार रही थी। इसे लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई। बाद में मारपीट शुरू हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची नरसिंह यादव की बहू सीमा देवी पत्नी गौतम यादव की फावड़े से प्रहार कर हत्या कर दी गई। पुलिस मृतका की सास सुगंती देवी की तहरीर पर बाबूलाल, हीरमति, अनीता, गुंजा व रानी के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। --------------------- पोस्टमार्टम के बाद पहुंचा शव, मचा कोहराम शुक्रवार की शाम को मृतका सीमा का शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। बुढ़ी सास सुगांती देवी के आंसू रूकने का नाम ही नहीं ले रहे थे। मृतका के दो छोटे-छोटे बच्चे विराट और आयुष हैं। विराट की उम्र आठ साल और आयुष तीन साल का है। सीमा के पति गौतम मुंबई में प्राइवेट जॉब करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर वे घर के लिए रवाना हो गए। घटना से आस-पास के लोग भी गमगीन हैं। ----------- राजस्व टीम ने भूमि का किया निरीक्षण राजस्व विभाग की टीम शुक्रवार की दोपहर में गांव पहुंची और विवादित भूमि का निरीक्षण किया। हल्का लेखपाल बाबा प्रसाद गोंड और अनुपम कुमार की टीम ने विवादित भूमि के चौहदी की जांच की। टीम ने आस-पास के लोगों से भी आवश्यक जानकारी ली। -------- मारपीट में महिला के मौत के मामले में पांच लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने में जुटी है। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। स्थिति नियंत्रण में है। भूपेंद्र सिंह, थानेदार तरकुलवा, देवरिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



