मोबाइल कोर्ट में राज्य आयुक्त ने की 126 मामलों की सुनवाई
Deoria News - देवरिया में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया, जिसमें 126 मामलों की सुनवाई की गई। राज्य आयुक्त ने दिव्यांगजनों की समस्याओं का निस्तारण किया और दिव्यांग प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, तथा राशन कार्ड जारी किए। 11 स्मार्ट केन और अन्य उपकरणों का भी वितरण किया गया।

देवरिया, निज संवाददाता। विकास भवन के गांधी सभागार में बुधवार को मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश के राज्य आयुक्त दिव्यांगजन प्रोफेसर हिमांशु कुमार झा ने दिव्यांगजनों की समस्याओं को सुना व उसके निस्तारण का निर्देश दिया। इस दौरान कुल 126 मामलों की सुनवाई हुई। मोबाइल कोर्ट के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय द्वारा दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांग प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड तथा आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु स्टाल लगाए गया था। इसके अतिरिक्त जिला पूर्ति विभाग द्वारा अंत्योदय एवं राशन कार्ड तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा दिव्यांग पेंशन एवं सहायक उपकरण वितरण हेतु स्टाल लगाए गए थे। मोबाइल कोर्ट में राज्य आयुक्त द्वारा कुल 126 मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान मौके पर ही 9 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए, 27 आयुष्मान कार्ड तथा 22 राशन कार्ड के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। सुनवाई के दौरान एक राशन कार्ड तत्काल जारी किया गया। वहीं 3 मामले भूमि विवाद से संबंधित पाए गए, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। राज्य आयुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि सप्ताह में दो दिन दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र जारी किए जाएं। साथ ही मेडिकल बोर्ड में चिकित्सकों की संख्या 5 से बढ़ाकर 7 किए जाने तथा प्रत्येक तीन वर्ष में नए चिकित्सकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मोबाइल कोर्ट के दौरान 11 स्मार्ट केन, 3 लेप्रोसी किट, 10 श्रवण यंत्र, 12 बैसाखी एवं 15 ट्राइसाइकिल का वितरण भी किया गया。
दिव्यांग एकता मंच का पत्रक
दिव्यांग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, जिलाध्यक्ष अजय कुमार ने राज्य आयुक्त को पत्रक सौंपा। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी व उनकी टीम, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, उपनिदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग (गोरखपुर मंडल), जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, नायब तहसीलदार सदर, लीड बैंक मैनेजर, जिला सेवा योजन अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, क्षेत्रीय प्रबंधक राज्य सड़क परिवहन निगम, जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


