
नगर पालिका बरहज में जेम पोर्टल से खरीदारी में हुआ शासनादेश का उल्लंघन
Deoria News - बरहज नगर पालिका परिषद में जैम पोर्टल से खरीदारी और आउटसोर्सिंग कर्मियों की नियुक्ति में बड़े अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। भाजपा नेता अमरेंद्र गुप्त ने 25 बिंदुओं पर शिकायत की थी। जांच में भ्रष्टाचार और नियमों के उल्लंघन के कई मामले सामने आए हैं, जिसमें फर्जी वेतन भुगतान और अनुचित खर्च शामिल हैं।
बरहज(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। नगर पालिका परिषद गौरा-बरहज में जैम पोर्टल से खरीदारी, आउटसोर्सिंग कर्मियों की नियुक्ति और मानदेय भुगतान के मामले में बड़ा गोलमाल उजागर हुआ है। जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट विधान परिषद की सामाजिक सद्भाव समिति को भेज दी है। नगर में नंदना वार्ड पश्चिमी निवासी भाजपा नेता अमरेंद्र गुप्त ने 30 सितंबर 2023 को 25 बिंदुओं पर शिकायत की थी। चार माननीयों ने इस मामले को विधानपरिषद में रखा था। उसके बाद विधानपरिषद की सामाजिक सद्भाव कमेटी ने जिलाधिकारी देवरिया को टीम गठित कर जांच का निर्देश दिया था। डीएम द्वारा गठित समिति के सदस्य उपायुक्त उद्योग विभाग की जांच अनियमितता की परत खुलती गई।

जेम पोर्टल से स्काई लिफ्टर, जेसीबी, नाला यंत्र मैन, ट्रैक्टर लोडर, कम्प्यूटर, लैपटॉप, प्लास्टिक और स्टील के डस्टबिन आदि की खरीदारी भ्रष्टाचार सामने आया है। जांच में सामने आया कि खरीदारी में शासनादेशों का पालन नहीं किया गया है। सामानों की खरीदारी भी बाजार रेट से कई गुने अधिक क़ीमत पर की गई है। 124 आउटसोर्सिंग कर्मियों को एक साथ निकालने के मामले में भी नियमों का पालन नहीं किया गया। दूसरे प्रान्त में रह रहे दो महिलाओं के नाम पर वेतन का फर्जी भुगतान के साथ ही जेल में बन्द अभियुक्त के नाम से भी वेतन भुगतान की पुष्टि हुई है। यही नहीं 2023 में छठ घाट के निर्माण, साफ सफाई आदि पर बिना टेंडर अनुचित तरीके से 11 लाख रुपये भुगतान का मामला सामने आया है। रिपोर्ट में इस बाद का भी उल्लेख है कि अधिशासी अधिकारी से इस बारे में जवाब मांगा गया तो उन्होंने ने भी कोई जवाब नहीं दिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




