
सुलझने की बजाय उलझती जा रही केमिकल फैक्ट्री मालिक के हत्या की गुत्थी
संक्षेप: Deoria News - महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की पानी की टंकी में महाराष्ट्र के केमिकल फैक्ट्री के मालिक अशोक गावंडे का शव 6 अक्टूबर को मिला। एक महीने बाद भी पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में असफल रही है। प्रशासनिक लापरवाही के कारण कॉलेज प्राचार्य को हटाया गया। पुलिस विभिन्न टीमें बनाकर जांच कर रही है।
देवरिया, निज संवाददाता। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज के पानी की टंकी में मिले महाराष्ट्र के केमिकल फैक्ट्री के मालिक के शव के मामले में एक माह का समय गुजर जाने के बाद भी देवरिया पुलिस खाली हाथ है। हत्या की गुत्थी सुलझने की बजाय उलझती जा रही है। हालांकि पुलिस देवरिया मेडिकल कालेज से लेकर गोरखपुर व महाराष्ट्र में भी घटना का सुराग तलाश रही है। हालांकि पुलिस के अधिकारी जल्द ही इस घटना का पर्दाफाश कर देने का दावा कर रहे हैं। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के पानी की टंकी से 6 अक्टूबर को एक व्यक्ति का शव मिला था।

इसके बाद मेडिकल कॉलेज समेत पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया था। लापरवाही मिलने पर शासन ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.राजेश बरनवाल को हटाते हुए मुख्यालय से संबद्ध कर दिया था। काफी प्रयास के बाद शव की शिनाख्त अशोक गावंडे निवासी आदित्य विश्व कॉम्प्लेक्स चंद्रोदय कॉम्प्लेक्स के सामने कुलगांव ठाणे महाराष्ट्र के रूप में हुई। अशोक महाराष्ट्र में केमिकल कंपनी के मालिक थे। इस मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही है। एसओजी, सर्विलांस समेत पांच टीमें लगातार इस पर कार्य कर रही हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अभी पुलिस टीम को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। मेडिकल कालेज कर्मचारियों के पूछताछ का विरोध करने के चलते जांच प्रभावित हो गई है। गोरखपुर व महाराष्ट्र में भी पुलिस घटना का नेटवर्क खंगाल रही है। पुलिस सूत्रों की माने तो जल्द ही इस घटना का पर्दाफाश हो सकता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




