फेसबुक पर हुआ प्यार, मिलने पहुंचा तो रेलवे स्टेशन पर बिगड़ गई बात
Deoria News - देवरिया, हिन्दुस्तान संवाद। जिले के भटनी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली

देवरिया, हिन्दुस्तान संवाद। जिले के भटनी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती से प्रयागराज के एक युवक को फेसबुक से प्यार हो गया। प्रयागराज से युवक अपनी फेसबुकिया प्रेमिका से मिलने सलेमपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गया। मिलने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों में तकरार हो गई और फिर क्या था, देखते ही देखते प्लेटफार्म संख्या एक कुरुक्षेत्र बन गया। जमकर दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इस मामले में प्रेमिका ने प्रेमी के विरुद्ध जीआरपी में केस दर्ज कराया है। प्रयागराज का रहने वाला नीरज प्रजापति फेसबुक के जरिये भटनी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती के नजदीक आ गया और दोनों में के बीच प्रेम इतना परवान चढ़ गया कि दोनों आए दिन मोबाइल पर घंटों बातचीत करते रहे।
इस बीच 21 जनवरी को नीरज अपनी प्रेमिका से मिलने की जिद करने लगा। वह ट्रेन पकड़ कर पहले सलेमपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा और फिर उसे रेलवे स्टेशन पर बुलाया, लेकिन वह आने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद वह उसके गांव तक पहुंच गया। गांव पहुंचने के बाद प्रेमिका सलेमपुर चली आई। दोनों रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंचे और बातचीत करने लगे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच तकरार हो गई और देखते ही देखते बात बिगड़ गई और मारपीट तक हो गई। जीआरपी ने प्रेमी को पकड़ लिया। इस मामले में युवती की तहरीर पर जीआरपी भटनी ने केस दर्ज किया है। जीआरपी थानाध्यक्ष बीबी राजभर ने बताया कि किसी बात को लेकर प्रेमी-प्रेमिका में विवाद हुआ था। इस मामले में गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




