
किसान सम्मान योजना प्रतियोगिता का पंजीकरण 31 तक
Deoria News - देवरिया में उप निदेशक कृषि सुभाष मौर्य ने बताया कि रबी फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए किसान सम्मान योजना के अंतर्गत प्रतियोगिता का पंजीकरण 31 दिसंबर तक होगा। कृषकों को गुणवत्ता बीज, जैविक उर्वरक और समय पर बुवाई करने की सलाह दी गई है। प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
देवरिया, निज संवाददाता। उप निदेशक कृषि सुभाष मौर्य ने बताया कि कृषि क्षेत्र में उत्पादन एवं उत्पादकता में निरंतर वृद्धि करना समय की आवश्यकता है। इस क्रम में रबी फसल उत्पादन बढ़ाने हेतु किसान सम्मान योजना के अंतर्गत प्रतियोगिता का 31 दिसंबर तक पंजीकरण होगा। वित्तीय वर्ष 2025-26 में रबी फसल के अंतर्गत किसान सम्मान योजना के तहत प्रतियोगिता व आयोजित की जा रही है। उन्होंने कृषक बंधुओं से अपील की कि अधिकतम उत्पादन प्राप्त करने हेतु खेती करते समय गुणवत्ता/प्रमाणित बीजों का प्रयोग करें, जैविक उर्वरकों का उपयोग करें, रबी फसलों की समय से लाइन में बुवाई करें तथा बीज एवं भूमि शोधन अनिवार्य रूप से करें।
इसके साथ ही मृदा परीक्षण के आधार पर रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग करें एवं खरपतवार, कीट एवं रोगों का समय से नियंत्रण करें। फसल बीमा कराने वाले कृषकों को वरीयता प्रदान की जाएगी। किसान सम्मान दिवस के लिए न्यूनतम 25 प्रतिशत अनुसूचित जाति/जनजाति कृषकों का पंजीकरण अनिवार्य है। साथ ही लघु, सीमान्त एवं महिला कृषकों का अधिक से अधिक पंजीकरण कराए जाने पर विशेष बल दिया गया है। उपरोक्त बिंदुओं का पालन करते हुए खेती करने वाले इच्छुक कृषक किसान सम्मान योजना के अंतर्गत रबी फसल प्रतियोगिता हेतु आवेदन पत्र के साथ 10 दस रुपये पंजीकरण शुल्क जमा कर 31 दिसंबर तक उप कृषि निदेशक कार्यालय में अपना पंजीकरण करा लें। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कृषकों की फसल का अधिकतम उत्पादन प्राप्त होने की स्थिति में, माननीय पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर सक्षम अधिकारी/कर्मचारी की उपस्थिति में क्रॉप कटिंग कराई जाएगी। प्राप्त परिणामों को सीलबंद (गोपनीय) लिफाफे में जिला स्तर पर उप कृषि निदेशक कार्यालय में समय से जमा कराया जाएगा। परिणाम के आधार पर सर्वोच्च उत्पादन प्राप्त करने वाले दो कृषकों को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




