
आसाम को 4-0 से हरा सेमीफाइनल में पहुंचा झारखंड
Deoria News - गौरीबाजार में स्वर्गीय फूलमती देवी राज्य स्तरीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला झारखंड और असम की टीमों के बीच हुआ। झारखंड की पूजा कुमारी ने हैट्रिक लगाकर अपनी टीम को 4-0 से जीत दिलाई। खेल का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रवण मणि त्रिपाठी ने किया।
गौरीबाजार(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। बैतालपुर के पंचमुखी हनुमान मंदिर के खेल मैदान पर मंगलवार को स्वर्गीय फूलमती देवी राज्य स्तरीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला खेला गया। यह रोमांचक मुकाबला झारखंड और असम की महिला टीमों के बीच हुआ, जिसमें झारखंड की टीम ने पूजा कुमारी के हैट्रिक की बदौलत बेहतरीन प्रदर्शन कर असम को 4-0 के अंतर से पराजित कर दिया। मैच का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि श्रवण मणि त्रिपाठी एवं विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता सर्वेश मणि त्रिपाठी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। खेल के पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। असम की टीम ने भी कई बार आक्रमण किए, लेकिन झारखंड की मजबूत रक्षा पंक्ति के सामने उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
पहले हाफ के 29वें मिनट में झारखंड की स्टार खिलाड़ी पूजा कुमारी ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले हाफ की समाप्ति तक यही स्कोर बना रहा। दूसरे हाफ की शुरुआत होते ही झारखंड की टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। खेल के कुछ ही मिनटों में पूजा कुमारी ने एक और गोल कर बढ़त को 2-0 कर दिया। इसके तुरंत बाद निकिता होरा ने तेजतर्रार खेल का प्रदर्शन करते हुए तीसरा गोल दागा और झारखंड की बढ़त 3-0 कर दी। असम की टीम लगातार प्रयासों के बावजूद वापसी नहीं कर सकी। खेल के अंतिम चरण में पूजा कुमारी ने अपना तीसरा व्यक्तिगत एवं टीम का चौथा गोल कर झारखंड को 4-0 से शानदार जीत दिलाई। मैच में निर्णायक की भूमिका जितेंद्र कुमार ने निभाई, जबकि उद्घोषणा मंजेश कुमार द्वारा की गई। मंच संचालन की जिम्मेदारी मुकेश कुमार राव ने कुशलतापूर्वक संभाली। इस अवसर पर सुयश मणि त्रिपाठी, अवनिद्र कुमार श्रीवास्तव, सूर्य प्रकाश मणि त्रिपाठी,अजय पांडेय, राकेश मणि त्रिपाठी, अमरचंद गौड़, प्रवीण कुमार द्विवेदी, दिलीप कुमार, त्रिलोकी जायसवाल,कन्हैया मोदनवाल, धर्मेन्द्र कुमार,शशांक जायसवाल, नितिन सोनकर आदि उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




