Deoria News: कोटे की दुकान के निलंबन की संस्तुति, राशन वितरण में अनियमितता पर हुई कार्रवाई
Deoria News: देवरिया के ग्राम पंचायत बैदा में उचित दर विक्रेता बृजराज पाल के खिलाफ राशन वितरण में अनियमितताओं की जांच की गई। जांच में पाया गया कि पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से कम राशन दिया जा रहा था। विक्रेता के निलंबन की संस्तुति कर दी गई है।

Deoria News: देवरिया, निज संवाददाता। ग्राम पंचायत बैदा, विकासखंड एवं तहसील रुद्रपुर के उचित दर विक्रेता बृजराज पाल के विरुद्ध राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत प्राप्त होने पर उप जिलाधिकारी रुद्रपुर ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। पूर्ति निरीक्षक एवं नायब तहसीलदार की संयुक्त टीम द्वारा की गई जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जिसके बाद दुकान के निलंबन की संस्तुति कर दी गई है। जांच में पाया गया कि पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से कम राशन वितरित किया जा रहा था। अंत्योदय कार्डधारकों को भी निर्धारित 35 किलोग्राम के स्थान पर मात्र 28 से 30 किलोग्राम राशन दिया जा रहा था।
इसके अलावा विक्रेता द्वारा उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने तथा लाभार्थियों से पहले अंगूठा लगवाकर तीन से चार दिन बाद राशन वितरित किए जाने की शिकायत भी सही पाई गई। अनियमितता की पुष्टि होने पर एसडीएम ने उचित दर विक्रेता बृजराज पाल की दुकान के निलंबन की संस्तुति करते हुए पत्रावली जिलाधिकारी को भेज दी है। जिलाधिकारी की स्वीकृति प्राप्त होते ही विक्रेता के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।


