
एसआईआर : प्रशासन ने लिया संज्ञान, शुरू हुई प्रकरण की जांच
Deoria News - देवरिया में मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान में हुई बड़ी लापरवाही की जांच शुरू हो गई है। अबूबकर नगर मोहल्ले में बीएलओ और सुपरवाइजर ने मकान मालिक से मुलाकात की, लेकिन सवालों का जवाब नहीं दे सके। अंजुम रहमान ने शिकायत की थी कि उनके घर में सात हिंदू मतदाताओं के नाम गलत तरीके से शामिल किए गए हैं।
देवरिया, निज संवाददाता। देवरिया में मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में की गई बड़ी लापरवाही की जांच ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर शुरू हो गई है। मंगलवार को शहर के अबूबकर नगर मोहल्ले में बीएलओ व सुपरवाइजर पहुंचे और मकान मालिक से मुलाकात की। इस दौरान मकान मालिक द्वारा दागे गए सवाल का जवाब बीएलओ व सुपरवाइजर नहीं दे सके। माना जा रहा है कि इस मामले में गलत मतदाताओं का नाम काटने के साथ ही दोषी कर्मियों पर कार्रवाई की गाज गिर सकती है। मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान को बहुत सतर्कता के साथ किया गया, बावजूद इसके बड़ी खामियां सामने आई है।
शहर के अबूबकर नगर उत्तरी के रहने वाले अंजुम रहमान की मकान में सात हिंदू मतदाता का नाम शामिल कर दिया गया है। अंजुम का मकान नंबर 501 है, जिसमें उनके परिवार के मतदाताओं का नाम शामिल हैं और उनका मतदान केंद्र एसएसबीएल इंटर कालेज है। उनके परिवार के साथ ही संबंधित मकान में सात हिंदू मतदाताओं का नाम भी दर्ज कर दिया गया है, जबकि उन मतदाताओं को उस मोहल्ले में कोई जानते तक नहीं हैं। सोमवार को अंजुम ने इसकी शिकायत डीएम से की तो डीएम ने संज्ञान ले लिया। अब ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा के निर्देश पर जांच शुरू हो गई है। मंगलवार की दोपहर बीएलओ व सुपरवाइजर अंजुम के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। अंजुम ने कहा कि मेरे घर में कौन-कौन हिंदू रहता है? यह आप बता दें। किरायेदार भी हो तो बताएं? यह सुन बीएलओ व सुपरवाइजर बगल में झांकने लगे। आधे घंटे तक रहने के बाद दोनों लौट गए। उधर सोशल मीडिया पर भी यह सवाल खड़ा होने लगा है? ------------ अबूबकरनगर मोहल्ले में मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत मिली है। इस प्रकरण की जांच की जा रही है। मौके पर बीएओ और सुपरवाइजर को भेजा गया था। जांच के आधार पर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। श्रुति शर्मा, एसडीएम देवरिया सदर।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




