Deoria News: कार्यस्थल से दो जेआर के गायब मिलने पर जताई नाराजगी
Deoria News: महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल ने कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान दो जूनियर रेजिडेंट काम पर नहीं मिले, जिससे उन्होंने नाराजगी जताई। प्राचार्य ने अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों की भीड़ को नियंत्रित करने तथा बेहतर सफाई और इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

Deoria News: देवरिया, निज संवाददाता। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर प्राचार्य ने शुक्रवार की रात निरीक्षण किया। इस दौरान दो स्थानों पर दो जूनियर रेजिडेंट (जेआर) कार्यस्थल से गायब मिलने, इस पर नाराजगी जताई व उनके देर से पहुंचने पर फटकार लगाई। साथ ही ट्रामा सेंटर में पास सिस्टम का पालन करने का गार्डों को निर्देश दिया।प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल शुक्रवार की रात करीब दस बजे सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा के साथ ट्रामा सेंटर स्थित इमरजेंसी पहुंचीं, जहां एक जेआर कार्यस्थल पर नहीं थे। कुछ देर बाद पहुंचने पर फटकार लगाते हुए चेतावनी दी। वार्ड में तीमारदारों की भीड़ देख नाराजगी जताई।
उन्होंने गार्डों को पास सिस्टम का पालन करने तथा एक मरीज के साथ एक तीमारदार के रहने का निर्देश दिया। कहा कि भीड़ होने से इलाज में असुविधा होती है और इंफेक्शन फैलने की संभावना रहती है। कुछ स्थानों पर मरीज व तीमारदार द्वारा कागज व पालीथिन फेंका गया था, यह देख सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि सभी मरीजों का समुचित इलाज किया जाए। इसके बाद नए भवन में पहुंचीं। फर्स्ट फ्लोर पर सर्जरी वार्ड में एक जेआर कार्यस्थल पर नहीं थे। कुछ देर बाद आ गए। उन्हें चेतावनी दी गई। इसके अलावा सेकेंड फ्लोर पर मेडिसिन व थर्ड फ्लोर पर आर्थों, ईएनटी व नेत्र वार्ड का निरीक्षण किया। सभी जगह डॉक्टर व कर्मी मौजूद थे। उन्होंने मरीजों की अच्छी तरह देखभाल करने और तीमारदारों के साथ मधुर व्यवहार करने का निर्देश दिया।


