गम व आक्रोश के साथ दफन हुआ मासूम का शव

Feb 13, 2026 09:48 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देवरिया
share

Deoria News - भाटपाररानी में एक सात वर्षीय बच्ची की स्कूल से अपहरण कर हत्या कर दी गई। रिश्तेदार द्वारा इस जघन्य अपराध ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव घर पहुंचा, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोग आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

गम व आक्रोश के साथ दफन हुआ मासूम का शव

भाटपाररानी (देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की सात वर्षीय मासूम को विद्यालय से ले जाकर की गई दरिंदगी व हत्या की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना ने रिश्तों को शर्मसार कर दी है। गुरुवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा, शव घर पहुंचते ही पूरा गांव चीत्मकार में डूब गया। गम व आक्रोश के बीच शव को दफन कर दिया गया। प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा बुधवार की सुबह रोज की तरह पढ़ने स्कूल गई थी। दोपहर को लंच के समय रिश्ते का चाचा विद्यासागर पहुंचा और उसे घर चलने की बात कह कर साइकिल से अपने साथ लेकर चला गया।

झरही नदी किनारे गेहूं की खेत में ले जाकर अबोध के साथ दरिंदगी की और फिर गला दबाकर हत्या करने के साथ ही साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव नदी में फेंक दिया। इस मामले में पुलिस आरोपी के विरुद्ध अपहरण, दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट, हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। जिस घर में मासूम की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्ची के पिता परिवार के भरण-पोषण के लिए बाहर रहकर निजी नौकरी करते हैं। अचानक इस घटना ने पूरे परिवार को भीतर तक तोड़ दिया है। पिता भी घर लौट आए है। गुरुवार को दिन भर मासूम के घर के बाहर लोगों की भीड़ जुटी रही। हर किसी की नजरें रास्ते पर टिकी थीं कि पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव घर पहुंचे और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी हो सके। शाम को शव आने के बाद मासूम को उसके खेत में दफन किया गया। रिश्तों पर लगा कलंक जिसे बच्ची मासूमियत से “बड़े पापा” कहती थी, उसी पर यह जघन्य आरोप है। इस घटना ने भरोसे और रिश्तों की मर्यादा को गहरा आघात पहुंचाया है। शादीशुदा होने के बावजूद आरोपी द्वारा अपनी ही चचेरी भतीजी के साथ की गई इस वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोग आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। यह घटना केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज को झकझोर दी है। डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम मासूमियत वाला बच्ची का चेहरा था। पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सकों का पैनल बनाया गया और वीडियो ग्राफी तक कराई गई। पोस्टमार्टम के समय बच्ची का पोस्टमार्टम करने वाली टीम भी हिल गई। सूत्रों की माने तो बच्ची के कई अंगों पर चोट के निशान मिले हैं। टीम ने स्लाइड भी तैयार किया है। दरिंदगी करने वाले को फांसी की सजा देने की उठी मांग मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी करने के बाद हत्या करने वाले आरोपी के विरुद्ध लोगों में आक्रोश है। हर कोई आरोपी को सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। गांव के लोगों का कहना है कि ऐसे लोगों को समाज में रहने की जरुरत नहीं है। पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। जबकि परिवार के लोगों का कहना है कि मासूम ने उसका क्या बिगाड़ा था? उसकी जिंदगी से खेल गया। ऐसे आरोपी को ऐसी सजा दी जाए कि ऐसे कदम उठाने वाले लोगों के रुह कांप जाए। इसे फास्ट ट्रैक में सुनवाई के बाद फांसी दी जाए। तभी परिवार के लोगों को न्याय मिल सकेगा। उधर गांव में पुलिस का पहरा सख्त है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।