
महाराजा अग्रसेन में चल रहे ड्रीम लैण्ड प्रदर्शन पर लगी रोक
Deoria News - देवरिया में महाराजा अग्रसेन इण्टर कालेज में चल रहे ड्रीम लैण्ड प्रदर्शनी व मेले पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। पूर्व सभासद अनूप कुमार पाण्डेय की जनहित याचिका पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान केवल शिक्षा के लिए हैं। एसडीएम ने मेले की अनुमति को रोकने का आदेश दिया है।
देवरिया, निज संवाददाता महाराजा अग्रसेन इण्टर कालेज में चल रहे ड्रीम लैण्ड प्रदर्शनी व मेले पर हाईकोर्ट ने पूर्व सभासद के जनहित याचिका पर सुनवाई के बाद रोक लगा दी है। मामले में एसडीएम सदर ने मेला संचालक को पत्र जारी कर आदेश का पालन करने का निर्देश दिया है। शहर के न्यू कालोनी के पूर्व सभासद अनूप कुमार पाण्डेय ने हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दाखिल कर महाराजा अग्रसेन इण्टर कालेज में चल रहे ड्रीम लैण्ड प्रदर्शनी व मेले पर रोक लगाने की मांग की थी। इस याचिका में विद्यालय/ शैक्षणिक परिसरों में मेले के आयोजन के मुद्दे पर विचार किया गया।
जिसके बाद हाईकोर्ट की पीठ ने यह कहते हुए रोक लगाने का आदेश दिया कि शैक्षणिक संस्थान केवल शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से हैं और इनका उपयोग केवल इसी उद्देश्य के लिए किया जाना चाहिए। साथ ही शिक्षा से संबंधित अन्य गतिविधियों जैसे महाविद्यालय की खेल गतिविधियों और आंतरिक प्रतियोगिताओं के लिए भी किया जाना चाहिए। याचिका में यह भी स्पष्ट रूप से कहा कि ऐसे परिसरों को प्रदर्शनी, व्यापार मेला और अन्य प्रकार के मेलों जैसे किसी भी नाम से वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए उपयोग करने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। कोर्ट के इस आदेश के बाद मंगलवार को एसडीएम ने पत्र जारी कर कहा कि मेले के लिए जारी अनुमति को न्यायालय के अन्तिम निर्णय तक तत्काल प्रभाव से रोक लगायी जाती है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




