आंधी-पानी से बिजली के 40 खम्भे गिरे, विद्युत आपूर्ति बेपटरी

हिन्दुस्तान, देवरिया
Follow us on Google News
share

देवरिया, हिन्दुस्तान टीम। गुरुवार की तड़के आई तेज आंधी-पानी के चलते विद्युत आपूर्ति चरमरा

आंधी-पानी से बिजली के 40 खम्भे गिरे, विद्युत आपूर्ति बेपटरी

देवरिया, हिन्दुस्तान टीम। गुरुवार की तड़के आई तेज आंधी-पानी के चलते विद्युत आपूर्ति चरमरा गई। शहर के पुरवा, रामलीला मैदान विद्युत उपकेंद्र से भी इससे जुड़े मोहल्ले में आपूर्ति प्रभावित रही जिससे सुबह घरों में पानी की किल्लत हुई। वहीं गौरीबाजार डिविजन में आंधी पानी का सर्वाधिक असर रहा। इससे जुड़े क्षेत्रों में लगभग 40 विद्युत पोल टूटकर गिर गए। जिससे आपूर्ति प्रभावित रही। वहीं विभागीय कर्मचारी आपूर्ति बहाल करने में पूरे दिन जुटे रहे।

गुरुवार की भोर में मौसम का मिजाज

गुरुवार की भोर में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी पानी के चलते शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते शहर के पुरवा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सिंधी मिल कालोनी, कसया बाई पास रोड, गायत्री पुरम, गोसाई मंदिर सहित अन्य मोहल्लों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही। इसके चलते सुबह घरों में पानी की किल्लत हुई। बिजली नहीं रहने से इनवर्टर भी दगा दे गए। इसी प्रकार रामलीला मैदान विद्युत उपकेंद्र से अन्य मोहल्लों में तो लगभग 9 बजे आपूर्ति बहाल हो गई वहीं भुजौली कालोनी, अलीनगर मोहल्ले में आपूर्ति प्रभावित रही। जिससे लोग परेशान रहे।

दोपहर तक आपूर्ति बहाल

दोपहर तक आपूर्ति बहाल हुई। सलेमपुर संवाद के अनुसार उपनगर के रेलवे स्टेशन के समीप लगे चार सौ केवीए की ट्रांसफार्मर पर गुरुवार की तड़के आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे ट्रांसफॉर्मर जल गया। इसके जलने से उपनगर के वार्ड नम्बर 6, 9, 10 व 13 की उपभोक्ताओं की करीब 12 घंटे से अधिक समय तक बिजली बाधित रही। वहीं मझौलीराज उपनगर के बाबू बहोरन सिंह के टोला व शंकर नगर वार्ड के बंधा के समीप 11 हजार के एचटी की तार पर आंधी व बारिश में पेड़ गिरने से टूट गया। जिससे पूरे उपनगर के सभी वार्डो में बिजली ठप रही। तार व फाल्ट ठीक करने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारी गुरुवार को शाम तक लगे रहे। इसके अलावा कस्बा सलेमपुर में पेड़ गिरने से एलटी तार टूट गया जिससे आपूर्ति प्रभावित रही।

बिजली विभाग की प्रयास

बिजली विभाग के टीम व ग्रामीणों की सहयोग से गिरे पेड़ को काटकर हटाने के बाद टूटे तार को जोड़ा। शाम को गांव की बिजली 10 घंटे के बाद बहाल हुई। भाटपाररानी संवाद के अनुसार गुरुवार की भोर में आई तेज आंधी और बारिश के कारण नगर क्षेत्र में करीब दस घंटे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, खासकर पानी की समस्या से जूझना पड़ा। आंधी और गरज-तड़क के साथ हुई बारिश से विद्युत उपकेंद्र भाटपाररानी से जुड़े सभी पांचों फीडरों की सप्लाई बाधित हो गई। तेज हवा के चलते मेन लाइन में खराबी आ गई और कई स्थानों पर फाल्ट होने से सभी फीडर ब्रेकडाउन हो गए। सुबह से ही बिजली गुल रहने के कारण नगर में लोगों को दैनिक कार्यो में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सूचना पर बिजली विभाग की कार्रवाई

सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंच कर फाल्ट को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोपहर में आपूर्ति को बहाल किया जा सका, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

आंधी से प्रभावित विद्युत खंभे

आंधी पानी से आए बवंडर से एक ही गाँव में टूट गए आधा दर्जन पोल

रामपुर कारखाना, हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के मुंडेरा लाला में गुरुवार की भोर आंधी के साथ आए बवंडर से काफी नुकसान हुआ है। गांव में आधा दर्जन बिजली के खंभे टूटकर गिर गए। वहीं कई लोगों का टिन शेड उड़ गया। आंधी के चलते 4 बजे भोर से ही जिले के उत्तरी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद है। बारिश के साथ तेज आंधी और बवंडर आया। आंधी के चलते पेड़ की डाल टूटकर कई जगह बिजली के खंभे और तार पर गिर गई। इसके चलते पांडेचक, इमलिया और तरकुलवा उपकेंद्र की बिजली बाधित हो गई। एसडीओ शुभम त्रिपाठी, अवर अभियंता अखिलेश गुप्ता और मोहम्मद इरफानुल्लाह ने बारिश खुलते ही दो दर्जन लाइनमैन के साथ पांडेय चक से कसया ट्रांसमिशन तक पेट्रोलिंग शुरू किया।

मेन लाइन पर कई जगह पेड़ की डाल टूट कर गिरी थी। लाईनमैनों ने मेन लाइन होल्ड करने के लिए तत्काल काम शुरू किया। आंधी के साथ आए बवंडर ने रामपुर कारखाना के मुंडेरा लाला गांव में जमकर तबाही मचाई। आधा दर्जन खंभा टूटने के चलते रुस्तमपुर फीडर में बिजली देर शाम तक बहाल नहीं हो सकी थी.

भोर में गुल हुई बिजली

भटनी संवाद के अनुसार भोर में आई तेज आंधी और बारिश के कारण साहोपार स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे नगर क्षेत्र सहित क्षेत्र के सौ से अधिक गांवों में कई घंटे तक बिजली गुल रही। साहोपार उपकेंद्र से देहात, बैकुंठपुर, बलुआ, घांटी तथा नगर क्षेत्र के फीडरों के माध्यम से विद्युत आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार भोर में आए खराब मौसम के चलते विभिन्न स्थानों पर विद्युत लाइनों में आई तकनीकी खराबी के कारण सभी फीडरों की आपूर्ति ठप हो गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को पेयजल समेत अन्य दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी फाल्ट खोजने और उसे ठीक करने में जुट गए। कर्मचारियों के लगातार प्रयास के बाद दोपहर तक अधिकांश फीडरों की आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली。

गुरुवार की भोर में आई आंधी-पानी के चलते शहर में कुछ स्थानों को छोड़कर अधिकांश मोहल्ले में आपूर्ति सामान्य हो गई। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में गौरीबाजार डिविजन में सर्वाधिक आंधी पानी का असर होने से लगभग चालीस विद्युत पोल गिर गए हैं। आपूर्ति बहाल करने के लिए कर्मचारियों को लगाया गया है। पूरा प्रयास है कि देर रात तक आपूर्ति बहाल हो जाए।

अमित कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

गुरुवार को विद्युत आपूर्ति क्यों प्रभावित हुई?
गुरुवार को तेज आंधी-पानी के चलते विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।