ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश देवरियागुरु पूर्णिमा: देवराहा बाबा आश्रम में जुटेंगे हजारों श्रद्धालु

गुरु पूर्णिमा: देवराहा बाबा आश्रम में जुटेंगे हजारों श्रद्धालु

देवरिया, निज संवाददाता। गुरुपूर्णिमा पर गुरु पूजन की तैयारी में श्रद्धालु जुटे हैं। वहीं...

गुरु पूर्णिमा: देवराहा बाबा आश्रम में जुटेंगे हजारों श्रद्धालु
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,देवरियाTue, 12 Jul 2022 01:01 AM
ऐप पर पढ़ें

देवरिया, निज संवाददाता।

गुरुपूर्णिमा पर गुरु पूजन की तैयारी में श्रद्धालु जुटे हैं। वहीं गुरु आश्रमों, मंदिर आदि में गुरु पूजन की तैयारी चल रही है। कोविड के करीब दो साल बाद देवरहा बाबा आश्रम में हजारों श्रद्धालु दर्शन पूजन को जुटेंगे। इनमें से कई स्थानों पर गुरु पूजन के बाद भंडारा भी दिया जाएगा।

देवरहा बाबा के समय से ही मईल स्थित आश्रम पर दूर दराज से श्रद्धालु गुरु पूर्णिमा के दिन बाबा के दर्शन को आते थे। बाबा के शरीर छोड़ने के बाद भी यह परंपरा जारी है। मंदिर के व्यवस्थापक श्यामसुंदर दास जी ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर दो दिन तक आश्रम में भजन कीर्तन चलेगा। 12 जुलाई को सुबह श्रीराम चरित मानस का पाठ शुरू होगा। साथ में श्रीमद्भगवद्गीता का पाठ, गुरु मंत्र का जप और अखंड कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु स्वेच्छा से इसमें अपना योगदान देंगे। उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा के दिन उत्तर प्रदेश, बिहार के अलावा देश के अन्य राज्यों से श्रद्धालु आश्रम पर आकर दर्शन पूजन करते हैं। इस दिन करीब अखंड भंडारा चलता है। श्रद्धालु दो दिनों तक प्रसाद ग्रहण करते हैं।

मनोकामना पूर्ण श्री हनुमान मंदिर देवरिया खास में 12 और 13 जुलाई को दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। देवरहा बाबा के शिष्य और मंदिर के छोटे महाराज राजेश नारायण ने बताया कि 12 जुलाई की शाम को सुंदरकांड का पाठ होगा। भजन कीर्तन के बाद भंडारा दिया जाएगा। 13 जुलाई को सुबह सुंदरकांड का पाठ, भजन कीर्तन होगा। शाम को भजन कीर्तन होगा। पूरे समय दो हजार लोगों के भोजन प्रसाद का इंतजाम किया गया है। कसया स्थित भक्तिवाटिका स्थित श्रीतिरुपति बालाजी मंदिर में गुरुपूर्णिमा का त्यौहार हर साल की तरह मनाया जाएगा। उसी दिन श्री बाल्मिकी रामायण की कथा विराम लेगी।

पहले स्वामी रामानुजाचार्य का पूजन होगा। फिर चैतन्य स्वामी का पूजन किया जाएगा। इसके बाद मंदिर के पीठाधीश्वर स्वामी राजनारायणचार्य का शिष्यगण पूजन करेंगे। कथा विराम लेने के बाद हवन पूजन होगा। गायत्री शक्तिपीठ में 12 जुलाई को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक साधक गुरुमंत्र का जप करेंगे। 13 जुलाई को आचार्य श्रीराम शर्मा और माता भगवती देवी शर्मा का पूजन शिष्यगण करेंगे। इसके बाद हवन पूजन और भंडारा का आयोजन किया जाएगा। महासविता योग आश्रम कतरारी में स्वामी अच्युतानंद के सानिध्य में गुरुपूर्णिमा के अवसर पर परमपूज्य गुरुदेव का पूजन किया जाएगा। इसके बाद भजन कीर्तन और हवन होगा। इस मौके पर भंडारा में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही जिले के अन्य पीठों और आश्रमों भी गुरुपूर्णिमा का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें