Deoria News: राधा-कृष्ण की भव्य झांकी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मन मोहा
Deoria News: आरएल एकेडमी स्कूल सलेमपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य झांकी प्रस्तुत की गई। बच्चों ने राधा-कृष्ण के लीलाओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। निदेशक ने संस्कृति और रचनात्मकता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने की बात कही।
Deoria News: सलेमपुर(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आरएल एकेडमी स्कूल सलेमपुर में गुरुवार को छात्र-छात्राओं ने राधा-कृष्ण की भव्य झांकी प्रस्तुत कर विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया। श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और मनमोहक अभिनय पर खूब तालियां बजीं। कार्यक्रम में हर्षवर्धन ने श्रीकृष्ण, अमाया ने राधा, आदर्श ने यशोदा तथा सलोनी, जानवी, सुकृति और आस्था ने गोपियों की भूमिका निभाई। बच्चों ने भाव-भंगिमाओं और अभिनय के माध्यम से कृष्ण के बाल स्वरूप को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में संगीत, नृत्य, वाचन, कला-शिल्प और रंगोली समेत विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां भी प्रस्तुत की गईं। विद्यालय परिसर में हुई सजावट और बनीं रंगोली आकर्षण का केन्द्र रहा。
निर्देशक और प्रधानाचार्य की महत्वपूर्ण बातें
निदेशक संदीप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि छात्रों को भारतीय संस्कृति, संस्कार और सनातन परंपराओं से जोड़ना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के साथ अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना भी पैदा करते हैं। प्रधानाचार्य संजय पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विद्यालय में विशेष ध्यान दिया जाता है। सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों की प्रतिभा को मंच देने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम का सफल आयोजन
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राइमरी सेक्शन की इंचार्ज एवं हेड मिस्ट्रेस शगुन मिश्रा का विशेष योगदान रहा। कला-शिल्प और रंगोली की तैयारियों में संध्या श्रीवास्तव, विद्यावती, पायल यादव और उनकी टीम ने सहयोग किया। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी बच्चों का मार्गदर्शन किया। अंत में निदेशक व प्रधानाचार्य ने छात्रों एवं उनके अभिभावकों और विद्यालय परिवार को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।


