श्रद्धा, संस्कार व आध्यात्मिक चेतना के साथ महायज्ञ सम्पन्न

Newswrap हिन्दुस्तान, देवरिया
Follow us on Google News
share

देवरिया में अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा चार दिवसीय गायत्री महायज्ञ एवं पावन प्रज्ञा पुराण कथा का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में भाग लिया और भारतीय संस्कृति के संस्कारों का पालन किया। आचार्य जेपी वर्मा ने प्रेरणादायक प्रवचन दिए। आयोजन में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का सहयोग रहा।

श्रद्धा, संस्कार व आध्यात्मिक चेतना के साथ महायज्ञ सम्पन्न

देवरिया, निज संवाददाता अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा विचार क्रांति अभियान के अंतर्गत युग निर्माण शिक्षण संस्थान इंटरमीडिएट कॉलेज के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय गायत्री महायज्ञ एवं पावन प्रज्ञा पुराण कथा का बुधवार को समापन हुआ। देवरिया खास स्थित एक मैरेज हॉल में आयोजन में श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक परंपाओं के उल्लासपूर्ण वातावरण में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।

अंतिम दिन का कार्यक्रम

अंतिम दिन के कार्यक्रम का शुभारम्भ सुबह वैदिक मंत्रोच्चार एवं यज्ञीय अनुष्ठानों के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने महायज्ञ में आहुति देकर राष्ट्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं मानव कल्याण की कामना की। इस अवसर पर पुंशवन संस्कार, मुण्डन संस्कार, विद्यारम्भ संस्कार, यज्ञोपवीत संस्कार, विवाह दिवस एवं जन्म दिवस संस्कार भी विधिवत सम्पन्न कराए गए। संस्कारों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों एवं नैतिक जीवन शैली का संदेश दिया गया। पावन प्रज्ञा पुराण कथा का रसपान हरिद्वार शांतिकुंज से पधारे आचार्य जेपी वर्मा द्वारा कराया गया। अपने प्रेरणादायी प्रवचनों में उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों को चरित्र निर्माण, नशामुक्ति, संस्कारयुक्त जीवन एवं राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर दिखाई दिए।

प्रेरणादायक संदेश

कार्यक्रम के दौरान हम बदलेंगे युग बदलेगा व हम सुधरेंगे युग सुधरेगा जैसे प्रेरणादायी संदेश जन-जन तक पहुंचाए गए। आयोजन में महिलाओं, युवाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की विशेष सहभागिता देखने को मिली। आयोजन को सफल बनाने में अखिल विश्व गायत्री परिवार, युग निर्माण शिक्षण संस्थान इंटरमीडिएट कॉलेज, संस्कार भारती, सेवा भारती, विवेकानंद शाखा, रामलीला समिति सहित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।

सामान्य प्रश्न

गायत्री महायज्ञ का आयोजन कहाँ हुआ था?
गायत्री महायज्ञ का आयोजन देवरिया खास स्थित एक मैरेज हॉल में हुआ था।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।