जड़ी हत्या कांड में वांछित 50 हजार का इनामी प्रमोद सिंह गिरफ्तार
Deoria News - भाटपाररानी (देवरिया) में जड़ी सिंह हत्याकांड में शामिल 50 हजार के इनामी बदमाश प्रमोद सिंह को एसटीएफ और बनकटा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रमोद सिंह लंबे समय से फरार था। जड़ी सिंह की हत्या 31 अक्टूबर...

भाटपाररानी (देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। बनकटा थाना क्षेत्र के जंजीरहा के ग्राम प्रधान व शराब माफिया अजीत कुमार सिर्फ सिंह उर्फ जड़ी हत्याकांड में शामिल 50 हजार के इनामी बदमाश प्रमोद सिंह को एसटीएफ व बनकटा पुलिस की टीम ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। वह काफी समय से फरार चल रहा था। बनकटा थाना क्षेत्र के सुंदरपार तिराहे के पास से पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की। अजीत सिंह उर्फ जड़ी की दिपावाली की रात(31 अक्टूबर 2024 को) गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में जड़ी सिंह के पिता की तहरीर पर पुलिस ने बनकटा थाना क्षेत्र के अहिरौली बघेल निवासी प्रमोद सिंह पुत्र परमानन्द सिंह, राजेश सिंह उर्फ पिंटू सिंह पुत्र मौर्यध्वज सिंह, सोहनपुर निवासी अखिलेश उर्फ दरोगा कुशवाहा और तीन अज्ञात के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया गया था। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी में जुटी थी, उसी बीच मुख्य अभियुक्त अखिलेश उर्फ दरोगा कुशवाहा व राजू चौरसिया शराब के साथ बिहार में अपने आप को कोर्ट में सिलेंडर कर दिए। दोनों इस समय हाजीपुर जेल में बंद है। विवेचना के दौरान पुलिस ने राजेश सिंह उर्फ पिंटू का नाम निकाल दिया है। इसके अलावा हत्या के समय रेकी करने वाले सोहनपुर निवासी मकान मालिक पंकज जायसवाल, दीपक उर्फ टमाटर लाल, प्रदीप मद्धेशिया, राकेश को गिरफ्तार कर बनकटा पुलिस ने जेल भेज दिया था।
इस घटना में षडयंत्रकारी प्रमोद सिंह फरार चल रहा था। वांछित चल रहे प्रमोद सिंह पुत्र परमानंद सिंह पर पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर आनंद कुलकर्णी द्वारा 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। मुखबीर की सूचना पर बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह व क्षेत्राधिकारी शिव प्रताप सिंह के नेतृत्व में बनकटा पुलिस व एसटीएफ हेड क्वार्टर लखनऊ की संयुक्त टीम ने बनकटा थाना क्षेत्र के सुंदरपार तिराहे के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
जड़ी सिंह हत्याकाण्ड में शामिल प्रमोद सिंह फरार चल रहा था। उस पर 50 हजार रुपए इनाम घोषित था। उसे लखनऊ की एसटीएफ टीम और बनकटा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सुनील कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक देवरिया दक्षिणी।
प्रमोद सिंह पर यूपी बिहार में दर्ज है नौ मुकदमे
बनकटा थाना क्षेत्र के अहिरौली बघेल निवासी प्रमोद सिंह पर बिहार यूपी में कुल 9 मुकदमे दर्ज है। इसमें बनकटा थाना में मारपीट हत्या का प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में कुल सात मुकदमे हैं। शराब तस्करी के मामले में बिहार के विभिन्न थानों में भी दो मुकदमे दर्ज है।
जुआ खेलने के दौरान जड़ी सिंह की हुई थी हत्या
बनकटा थाना क्षेत्र के जंजीरहा के ग्राम प्रधान व शराब माफिया अजीत सिंह उर्फ जड़ी के बढ़ते साम्राज्य से उसके विरोधी काफी परेशान थे। 31 अक्टूबर की रात सोहनपुर में पंकज जायसवाल के मकान में जुआ चल रहा था। जहां अजीत उर्फ जड़ी भी जुआ खेलने पहुंचा था। उसी दौरान बाइक से पहुचे हमलावरों गोलियों से भूनकर उसकी हत्या कर फरार हो गए। हमलावरों ने जड़ी के सिर में दो गोली एक गर्दन व सीने में मार कर मौत के घाट उतार दिया। घटनास्थल पर पिस्टल की खाली मैगजीन व एक खाली गोली भी पुलिस को बरामद हुई थी। अजीत की हत्या के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस हत्याकांड को लेकर काफी सक्रिय रही। मकान मालिक समेत रेकी करने वालों को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की तो हमलावरों की पहचान हुई। जड़ी के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी में जुट गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।