भूमि के नाम पर 12 लाख की ठगी का आरोप, चार के खिलाफ दी तहरीर

Mar 15, 2026 08:25 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, देवरिया
share

Deoria News - सलेमपुर में एक व्यक्ति ने भूमि बेचने के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी की शिकायत की है। नवीन मिश्र ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है, जिन्होंने उसे फर्जी भूमि दिखाई और पैसे लिए। जब उसने पैसे वापस मांगे, तो आरोपितों ने उसे धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भूमि के नाम पर 12 लाख की ठगी का आरोप, चार के खिलाफ दी तहरीर

सलेमपुर(देवरिया), हिन्दुस्तान संवाद। भूमि बेचने के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने शनिवार को सलेमपुर कोतवाली में अलग-अलग गांव के रहने वाले चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सदर कोतवाली क्षेत्र के सोन्दा वार्ड नंबर 15 निवासी नवीन मिश्र पुत्र चन्द्रभूषण मिश्र ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि कुछ वर्ष पूर्व चार लोग मुझे अलग-अलग गांव के मिले। उन्हें सोन्दा गांव में मुख्य मार्ग के पास स्थित एक भूमि दिखाई। उन लोगों ने बताया कि यह भूमि सलेमपुर क्षेत्र के भठवा धरमपुर वार्ड नंबर छह निवासी एक व्यक्ति की है और उसके रिश्तेदारों की भी इसमें हिस्सेदारी है, जिसे बेचा जा रहा है।

उनके कहने पर तीन महिलाओं के अलग-अलग खातों में एक-एक लाख रुपये तथा एक महिला के खाते में दो लाख रुपये सहित कुल सात लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा पांच लाख रुपये नगद भी बात किए व्यक्ति को जिसकी भूमि थी उसे देने के लिए दिया गया। इस प्रकार कुल 12 लाख रुपये ले लिए गए। नवीन मिश्र का आरोप है कि बाद में पता चला कि भूमि फर्जी व विवादित है और सभी आरोपित संगठित तरीके से भूमि के नाम पर लोगों से ठगी करते हैं। जब उसने अपना पैसा वापस मांगा तो वे सभी गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने व फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगे। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई कर रुपये वापस दिलाने की मांग की है। कोतवाली के प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।