
लोन दिलाने के नाम पर चार महिलाओं से दो लाख की ठगी
Deoria News - सुरौली में एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी के पूर्व एजेंट ने चार महिलाओं से लोन दिलाने के नाम पर दो लाख रूपए ठग लिए। तेतरी देवी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने नगद और बैंक में पैसे मंगवाए और बाद में मोबाइल बंद कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सुरौली(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। लोन दिलाने के नाम पर चार महिलाओं से दो लाख रूपए ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी के पूर्व एजेंट ने महिलाओं को लोन दिलाने के नाम पर नगद व खाते में लगभग दो लाख रूपए मंगा लिया और उसके बाद मोबाइल बंद कर दिया। मामले एक महिला ने को तहरीर देकर कार्यवाई की मांग की है। सुरौली थाना क्षेत्र के भेड़ापाकड़ खुर्द की रहने वाली तेतरी देवी पत्नी गोविंद राजभर ने पुलिस को तहरीर दिया है। उनका आरोप है कि गोरखपुर जनपद का एक युवक पहले एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी का एजेंट था।
वह गांव में पैसा कलेक्शन करने आता था। गांव में आने- जाने से उसका व्यवहार बढ़ गया। उसने गांव की महिलाओं के बड़ा लोन दिलाने का वादा किया। उसने महिलाओं से वर्ष 2025 के दिसंबर माह में एडवांस के रूप में पचास हजार नगद ले लिया। उसके बाद युवक ने बीमा करने के नाम पर अलग अलग तारीख में 61000 रूपए खाते में मंगा लिए। साथ ही गांव की गीता देवी पत्नी दीनानाथ से सोलह हजार रुपए, लीलावती पत्नी मुन्ना राजभर से उन्नीस हजार, खुशबू पत्नी रघुपति से पन्द्रह हजार ले लिए। पैसे लेने के बाद युवक टाल- मटोल करता रहा। कुछ दिन बाद युवक का मोबाइल बंद हो गया। युवक का मोबाइल बंद होने के बाद पीड़ित महिलाओं ने युवक के कंपनी में जाकर पता किया तो पता चला वहां से नौकरी काफी समय पूर्व छोड़ चुका है। जिसके बाद महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित तेतरी देवी ने युवक के खिलाफ सुरौली पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाई की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुरौली राकेश कुमार राय ने बताया कि ठगी कि शिकार महिलाओं ने तहरीर दी है। आरोपी युवक के बारे में छानबीन की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




