Deoria News: किसान दिवस में सीडीओ सख्त, गैरहाजिर चार अफसरों का वेतन रोका

हिन्दुस्तान, देवरिया
Follow us on Google News
share

Deoria News: देवरिया में किसान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुआ। किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद, अधिकारियों को एक सप्ताह में निस्तारण का निर्देश दिया गया। शिकायतों पर कार्रवाई न होने पर वेतन रोकने का भी निर्देश दिया गया। किसानों के लिए व्हाट्सएप ग्रुप की स्थापना की गई।

किसान दिवस में सीडीओ सख्त, गैरहाजिर चार अफसरों का वेतन रोका

Deoria News: देवरिया, निज संवाददाता। किसान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित गांधी सभागार में हुआ। सीडीओं ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर उनका निस्तारण कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

किसानों की शिकायतें

बैठक में मंडी सचिव, खाद्य एवं रसद विभाग, लघु सिंचाई तथा सहकारिता विभाग के अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन रोकने का निर्देश दिया। मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों एवं अधिकारियों को बताया कि जनपद की प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। किसी भी विभाग द्वारा कराए जा रहे कार्यों की जानकारी इस ग्रुप पर साझा करने से किसानों तक सूचनाएं आसानी से पहुंच सकेंगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि यदि कहीं निराश्रित पशु दिखाई दें तो उस स्थान की गूगल लोकेशन सहित फोटो ग्रुप पर भेजें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके। उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य ने गत माह आयोजित किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी।

खाद की शिकायत

बैरौना स्थित मौर्या खाद एवं बीज भंडार द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेचने तथा खाद उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को न देने की शिकायत की गई थी। जांच के निर्देश दिए जाने के बाद भी एक माह तक कार्रवाई न होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने अंबरीश मिश्रा अपर जिला कृषि अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया।

गोदाम में गिट्टी सीमेंट

मझवलिया समिति में खाद एवं बीज गोदाम के स्थान पर गिट्टी, सीमेंट एवं बालू रखे जाने की शिकायत पर कार्रवाई न होने के कारण सहायक निबंधक सहकारी समितियां का एक दिन का वेतन बाधित करने का निर्देश दिया। प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि गलाघोंटू रोग से बचाव के लिए पिछले डेढ़ माह से टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अब तक 2.17 लाख पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है।

नहरों की स्थिति

अधिशासी अभियंता (नहर) ने बताया कि वर्तमान में नहरों में ऊपर से पानी बंद है, लेकिन एक-दो दिनों के भीतर नहरों में पानी छोड़े जाने की संभावना है। बैठक में अधिकारियों के अलावा राघवेंद्र प्रताप शाही, कौशलेश नाथ मिश्र, अतुल मिश्रा, रमेश मिश्रा, मनोज पांडेय, कुंवर राणा सिंह, सत्याग्रहण सरोज आदि किसान मौजूद रहे।

सामान्य प्रश्न

किसान दिवस कब और कहां आयोजित किया गया?
किसान दिवस का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित गांधी सभागार में हुआ।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।