युवा ओपन कबड्डी कप पर बजरंग दल का कब्जा
Deoria News - बघौचघाट में आयोजित दो दिवसीय युवा ओपन कबड्डी प्रतियोगिता का समापन हुआ। महिला वर्ग में बजरंग दल सिवान ने मऊ को हराकर खिताब जीता, जबकि पुरुष वर्ग में परिवर्तन क्लब सिवान विजेता बना। मुख्य अतिथियों ने विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

बघौचघाट, हिन्दुस्तान संवाद। थाना क्षेत्र के ग्राम मेंदीपट्टी टोला बेलवनिया में आयोजित दो दिवसीय युवा ओपन कबड्डी प्रतियोगिता का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। फाइनल मैच में महिला वर्ग में बजरंग दल सिवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मऊ की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया, वहीं पुरुष वर्ग में परिवर्तन क्लब सिवान विजेता बना।रविवार की रात मुख्य अतिथि असरार अहमद, वसीम अहमद एवं जियाउल हक सेठ ने फीता काटकर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।महिला वर्ग का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। बजरंग दल सिवान और मऊ की टीम ने करो या मरो की तर्ज पर शानदार खेल दिखाया।
निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद निर्णायक द्वारा दोनों टीमों को 5-5 रेड का मौका दिया गया। इसमें बजरंग दल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मऊ को 25-13 के स्कोर से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।वहीं पुरुष वर्ग में स्टार क्लब मेंदीपट्टी और परिवर्तन क्लब सिवान के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में परिवर्तन क्लब सिवान ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और अंततः 35-20 के अंतर से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।मुख्य अतिथि असरार अहमद ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को कप और नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के निर्णायक इजहार अहमद और पवन गोस्वामी रहे, जबकि कमेंट्री की जिम्मेदारी मुराद अहमद ने निभाई। इस अवसर पर मौलाना बदरुद्दीन, डॉ. कमरे आलम, रईस, बेलाल अहमद, ऋषभ यादव, मोहम्मद फतेह, हकीमुद्दीन सिद्दीकी सोनू, सनाउल्लाह, कयामुद्दीन, इस्राफील, पंकज राय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


